Moradabad News: मुरादाबाद में बीजेपी बूथ अध्यक्ष रिंकू सिंह का शव संदिग्ध अवस्था में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Moradabad News: रिंकू सिंह पुत्र सतवीर सिंह शुक्रवार रात करीब 10 बजे से लापता था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने पूरी रात उसे ढूंढ़ा, लेकिन कोई पता नहीं चला।

Sudhir Goyal
Published on: 2 Aug 2025 6:19 PM IST
Moradabad News: मुरादाबाद में बीजेपी बूथ अध्यक्ष रिंकू सिंह का शव संदिग्ध अवस्था में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
X

मुरादाबाद में बीजेपी बूथ अध्यक्ष रिंकू सिंह का शव संदिग्ध अवस्था में मिला   (photo: social media )

Moradabad News: मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के रत्नपुर कला गांव में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर बीजेपी के बूथ अध्यक्ष रिंकू सिंह (38 वर्ष) का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव के मुंह से झाग निकल रहा था और पास में कुछ बिस्किट के टुकड़े भी मिले।

लापता था शुक्रवार रात से

रिंकू सिंह पुत्र सतवीर सिंह शुक्रवार रात करीब 10 बजे से लापता था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने पूरी रात उसे ढूंढ़ा, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब गांव के कुछ लोग टहलने निकले तो स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों ने जताई जहर देकर हत्या की आशंका

मृतक के चचेरे भाई अंकित सिंह ने बताया कि जब परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो रिंकू के मुंह में बिस्किट फंसा हुआ था और उसका चेहरा नीला पड़ चुका था, जिससे उनकी आशंका है कि रिंकू को खाने में जहर देकर मारा गया है।

परिवार में मचा कोहराम

रिंकू सिंह अपने पीछे पत्नी शीला (34 वर्ष) और पांच बेटियां—इशिका (10), कनक (7), प्रज्ञा (6), छवि (4), वेदिका (2) छोड़ गया है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके अनुसार, रिंकू की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी, लेकिन अचानक इस तरह से लापता होकर मौत संदिग्ध बन गई है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच जारी

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

थाना प्रभारी पाकबड़ा का बयान:

"मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल पाएगा। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।"

1 / 7
Your Score0/ 7
Sudhir Goyal
ABOUT THE AUTHOR

Sudhir Goyal

Next Story