TRENDING TAGS :
Pratapgarh News: तीन सगी बहनों समेत चार बच्चियों की नदी में डूबने से मौत, चूल्हे में लेप के लिए लेने गयी थीं मिट्टी
Pratapgarh News: बच्चियां चूल्हे में लेप लगाने के लिए मिट्टी निकालने नदी किनारे गयी थीं। मिट्टी निकालते समय उनका पैर फिसल गया और वह सभी गहरे पानी में चली गयीं।
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरूवार सुबह ह्दयविदारक घटना घटित हुई। यहां महेशगंज थाना क्षेत्र के डिहवा जलालपुर में तीन सगी बहनों और पड़ोस की एक बालिका की बकुलाही नदी के डूबने से मौत हो गयी। बच्चियां चूल्हे में लेप लगाने के लिए मिट्टी निकालने नदी किनारे गयी थीं। मिट्टी निकालते समय उनका पैर फिसल गया और वह सभी गहरे पानी में चली गयीं। साथ गई बच्चियों के शोर मचाने पर नदी किनारे ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।
किसी तरह ग्रामीणों ने नदी में डूबी स्वाति (13), संध्या (11) और चांदनी (6) पुत्री जीतलाल और प्रियांशी (7) पुत्री पृथ्वीपाल को बाहर निकाला। लेकिन तब तक चारों की सांसें थम चुकी थीं। चार बच्चियों की मौत होने के बाद इलाके में कोहराम मचा हुआ है। मौके की जानकारी होने पर पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया है।
वहीं नायब तहसीलदार अजय सिंह भी राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच गये हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि मिट्टी बेचने के लिए कुछ लोगों ने जेसीबी से नदी की खुदाई करवाई थी। जिसके चलते कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। नदी की खुदाई के बाद बने यहीं गड्ढे बच्चियों के लिए काल बन गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे राजा भैया
हादसे की जानकारी होने के बाद कुंडा विधायक और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया तुरंत गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर हादसे के लिए शोक जताया और परिवार के लोगों को सांत्वना दी। राजा भैया ने कहा कि जनसत्ता दल परिवार की तरफ से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की जाएगी। साथ ही उन्होंने परिवार की हर संभल मदद करने का आश्वासन भी दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया।


