TRENDING TAGS :
Lucknow News: लविवि के प्रो बोनो क्लब का विधिक जागरूकता कार्यक्रम: समाज के हर वर्ग को मिलेगा न्याय, अभियान से जुड़ेंगे ग्रामवासी
कार्यक्रम के दौरान आदित्य राज सोनी ने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि आगामी दिनों में चंदाकोडर ग्राम पंचायत में एक निशुल्क कानूनी सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा।
Lucknow News: Photo-News Track
Lucknow Toady News: लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय के अंतर्गत संचालित प्रो बोनो क्लब ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन लखनऊ के बख्शी का तालाब स्थित चंदाकोडर ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी में ध्वजारोहण समारोह के बाद हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में जागरूक करना और न्याय तक पहुँच की अवधारणा को समझाना था।
इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के न्याय मंत्रालय की न्याय बंधु योजना के अंतर्गत किया गया। जिसमें प्रो बोनो क्लब के चार एसोसिएट्स, आदित्य राज सोनी (छात्र संयोजक), अफजल (सह छात्र संयोजक), कोमल सिंह और दिव्यांशु यादव ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान ग्रामवासियों को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें न्याय प्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
निशुल्क कानूनी सहायता शिविर की योजना
कार्यक्रम के दौरान आदित्य राज सोनी ने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि आगामी दिनों में चंदाकोडर ग्राम पंचायत में एक निशुल्क कानूनी सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, ग्राम प्रधान, नायब तहसीलदार, उच्च न्यायालय के प्रो बोनो अधिवक्ता, और विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रमुख के साथ-साथ प्रो बोनो क्लब के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
डोर-टू-डोर अभियान से जुड़ेंगे ग्रामवासी
आदित्य राज सोनी ने बताया कि शिविर से पूर्व, क्लब एक डोर-टू-डोर अभियान चलाएगा ताकि ग्रामवासियों को व्हाट्सअप के माध्यम से समय-समय पर शिविर से संबंधित सभी जानकारी प्राप्त हो सके। इसके माध्यम से दूर-दराज के लोग भी सीधे क्लब से संपर्क कर अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगे।
समाज के हर वर्ग को मिलेगा न्याय
प्रो बोनो क्लब के संकाय प्रभारी, प्रोफेसर डॉ. आलोक कुमार यादव और विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रमेश कुमार वर्मा ने इस कार्यक्रम के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि यह कदम समाज के वंचित वर्ग को उनके अधिकारों से परिचित कराने और कानूनी सहायता को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्रामवासियों से इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय सहयोग की अपील की, ताकि न्याय की पहुंच हर व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।


