TRENDING TAGS :
Lucknow News: RSM संयुक्त चिकित्सालय को मिली शानदार उपलब्धि: 'कायाकल्प पुरस्कार' में मिली तीसरी रैंक
लखनऊ के राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उसके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए कायाकल्प पुरस्कार में तीसरे स्थान से नवाजा गया है।
Lucknow News: File Photo, RSM Hospital
Lucknow Today News: लखनऊ के राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उसके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए कायाकल्प पुरस्कार में तीसरे स्थान से नवाजा गया है। यह पुरस्कार अस्पताल की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए दिया गया। खास बात यह है कि जिले के सभी संयुक्त चिकित्सालयों में राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
स्वस्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
कायाकल्प पुरस्कार सरकारी अस्पतालों के लिए एक राष्ट्रीय पहल है, और इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और अस्पतालों में स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण की प्रथाओं को बढ़ावा देना है। इस पहल के तहत लखनऊ में वीरांगना अवंतीबाई चिकित्सालय को पहला स्थान जबकि वीरांगना झलकारी बाई चिकित्सालय को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
स्वच्छ अस्पताल, स्वस्थ समाज : डॉ. वीके शर्मा
आरएसएम हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. वीके शर्मा ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि कायाकल्प योजना सरकारी अस्पतालों के लिए कई लाभ लेकर आई है, जिनमें बेहतर स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, और एक सुरक्षित एवं उच्च-गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा शामिल हैं। सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने यह भी बताया कि यह पहल अस्पतालों में सकारात्मक स्वास्थ्य वातावरण बनाने में मदद करती है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार होता है।
कायाकल्प योजना का उद्देश्य, अस्पतालों की गुणवत्ता में सुधार
कायाकल्प योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण के उच्च मानकों को स्थापित करना है। इससे न केवल मरीजों की सुरक्षा बढ़ती है, बल्कि अस्पतालों का वातावरण भी ज्यादा व्यवस्थित और स्वस्थ बनता है। अस्पतालों के रख-रखाव, अपशिष्ट प्रबंधन, और स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न पहलुओं में सुधार सुनिश्चित कर यह योजना अस्पतालों को एक बेहतर और सुरक्षित स्थान बनाने की दिशा में काम कर रही है।
वहीं इस पुरस्कार से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है और यह सुनिश्चित होता है कि मरीजों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।


