शाहजहांपुर में पुलिस-मुठभेड़! कुख्यात गैंगलीडर विकास घायल, 25,000 का इनाम फँसा पुलिस के जाल में

Shahjahanpur News: विकास के विरुद्ध हरदोई जिले में गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत था। उस पर पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

Pulkit Sharma
Published on: 20 Oct 2025 11:36 AM IST
Shahjahanpur News
X

Shahjahanpur News

Shahjahanpur News: जिले में सक्रिय अपराधी गैंगों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पाली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी पाली की अगुवाई में गठित टीम ने कुख्यात गैंगलीडर विकास पुत्र विजय निवासी ग्राम श्यामतगंज गौटिया, थाना सदर बाजार, जनपद शाहजहांपुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। विकास के विरुद्ध हरदोई जिले में गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत था। उस पर पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस के अनुसार विकास और उसके साथियों पर संगठित रूप से चोरी, अवैध शराब के कारोबार और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं। इन्हीं आपराधिक कृत्यों के आधार पर थाना पाली में मु0अ0सं0 360/25 के तहत धारा 2/3 यूपी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई दर्ज की गई थी। पिछले कई दिनों से पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थीं।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

शनिवार देर शाम थाना पाली और थाना शाहाबाद की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त विकास आगमपुर पावर हाउस के पास, कुरसैली रोड किनारे अपने साथियों से मिलने की प्रतीक्षा में मौजूद है। सूचना की पुष्टि होने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही विकास भागने लगा और स्वयं को घिरता पाकर उसने पुलिस बल पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे विकास के बाएं पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर पकड़ लिया गया।

अवैध हथियार बरामद

मुठभेड़ के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखे कारतूस बरामद किए गए। घायल होने पर पुलिस टीम ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है और उनसे जुड़े आर्थिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। पुलिस का मानना है कि विकास जैसे गिरोहबंद अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर रोक लगेगी और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी सुदृढ़ होगी। पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे संगठित अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

1 / 9
Your Score0/ 9
Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story