इंडोनेशिया में भयानक हादसा : बीच समंदर जहाज में लगी भीषण आग, अब तक 5 की मौत, 130 लापता

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया में केएम बार्सिलोना वीए नौका में भीषण आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए।

Newstrack Network
Published on: 20 July 2025 9:13 PM IST
Indonesia Ferry Fire
X

Indonesia Ferry Fire

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया के तट पर केएम बार्सिलोना वीए जहाज में लगी भीषण आग से कम से कम पाँच लोगों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। आग से बचने के लिए यात्रियों को समुद्र में कूदना पड़ा। लगभग 130 यात्री अभी भी लापता हैं और खोज एवं बचाव अभियान जारी है। इस नौका में करीब 300 लोग सवार थे।

कब हुआ हादसा?

यह हादसा लोकल समयानुसार दोपहर करीब 1 बजे उस समय हुआ जब जहाज मनाडो के पास समुद्री जलक्षेत्र में यात्रा कर रहा था। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्री समय रहते जहाज से बाहर नहीं निकल सके और उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय अधिकारियों और बचाव दलों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जल पुलिस और नेवी की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और कई यात्रियों को सुरक्षित निकालने में कामयाब रहीं। हालांकि आग की तीव्रता और जहाज के अंदर उठते धुएं के कारण राहत कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की संख्या पांच है, जबकि कई लोग झुलसने से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मंत्रालय ने दिया हादसे के जांच के आदेश

इंडोनेशियाई परिवहन मंत्रालय ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

घटनास्थल के पास मछली पकड़ रहे एक नाविक ने बताया, "हमने अचानक जहाज से धुआं उठते देखा और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें आसमान तक पहुंच गईं। लोग घबराकर जहाज से कूदने लगे। यह बहुत ही भयावह दृश्य था।"

इस घटना ने एक बार फिर इंडोनेशिया के समुद्री यातायात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि देश में पहले भी इस प्रकार की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें दर्जनों लोगों की जानें गई हैं।

इंडोनेशिया के परिवहन मंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सभी सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

सोशल मीडिया पर वीडियो में अफरा-तफरी का माहौल देखा जा सकता है जब नौका में भीषण आग और घना काला धुआँ फैल गया। एक वीडियो में डरे हुए यात्री चीख-पुकार और मदद की गुहार लगाते हुए समुद्र में कूदते हुए दिखाई दे रहे हैं।

एक अन्य वीडियो में यात्रियों को लाइफ रिंग और चमकीले नारंगी रंग की लाइफ जैकेट पहने हुए, जहाज से कूदने की तैयारी करते हुए दिखाया गया है। एक जीवित बचे व्यक्ति ने भी जलती हुई नौका से बचने के बाद खुद को एक बच्चे को पकड़े हुए दिखाया।

1 / 7
Your Score0/ 7
Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story