TRENDING TAGS :
भाजपा हाईकमान ने तय किया मणिपुर का CM! सरकार बनाने को तैयार 22 विधायक; पढें पूरी रिपोर्ट
Manipur CM Face: मणिपुर विधानसभा में कुल 60 सीटें हैं, जिनमें से वर्तमान में 59 पर विधायक मौजूद हैं।
Manipur New Government: मणिपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने बुधवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर दावा किया कि 44 विधायक नई सरकार के गठन के लिए तैयार हैं। राधेश्याम सिंह नौ अन्य विधायकों के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को विधायकों की सहमति की जानकारी दी।
राधेश्याम सिंह ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सरकार बनाने को 44 विधायक तैयार हैं। हमने राज्यपाल से इस मुद्दे पर समाधान के विकल्पों पर भी चर्चा की है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राज्यपाल ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना है और जनहित में आवश्यक कदम उठाएंगे।
अंतिम निर्णय केंद्र को लेना है: राधेश्याम
सरकार बनाने के दावे पर पूछे गए सवाल के जवाब में राधेश्याम सिंह ने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हालांकि यह कहना कि हम तैयार हैं, अपने आप में सरकार गठन का संकेत है। विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत ने 44 विधायकों से व्यक्तिगत और सामूहिक चर्चा की है और किसी ने भी नई सरकार के गठन का विरोध नहीं किया है। उन्होंने मणिपुर की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि कोविड के चलते पिछला कार्यकाल प्रभावित हुआ था, वहीं मौजूदा कार्यकाल जातीय संघर्षों की भेंट चढ़ गया है।
राष्ट्रपति शासन के तहत मणिपुर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद फरवरी से मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है। बीरेन सिंह ने मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच चले आ रहे जातीय संघर्ष से निपटने में सरकार की आलोचना के बीच इस्तीफा दिया था। यह संघर्ष मई 2023 में शुरू हुआ था और राज्य में शांति बहाल नहीं हो सकी है।
विधानसभा की स्थिति
मणिपुर विधानसभा में कुल 60 सीटें हैं, जिनमें से वर्तमान में 59 पर विधायक मौजूद हैं। एक सीट एक विधायक के निधन से खाली है। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास 44 विधायक हैं 32 मेइती, तीन मणिपुरी मुस्लिम और नौ नगा। कांग्रेस के पांच विधायक हैं, जो सभी मेइती समुदाय से हैं। बाकी 10 विधायक कुकी समुदाय से हैं, जिनमें से सात ने भाजपा के टिकट पर, दो कुकी पीपुल्स अलायंस से और एक निर्दलीय हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह भी मिले राज्यपाल से
इससे एक दिन पहले, पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी राज्यपाल से भेंट की थी। उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की और ग्वालताबी घटना के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए आमंत्रित करने की मांग की थी। इस घटना को लेकर इंफाल घाटी में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले थे।


