TRENDING TAGS :
Namkaran Sanskar: नाम एक उच्चारण नहीं, संस्कृति की जीवंत धारा
Namkaran Sanskar Kya Hai: उनके चेहरे का तेज़ मंद पड़ गया। बोले — “अब तो स्कूल में नाम दर्ज हो चुका है, क्या करें?”यह अकेला मामला नहीं है।
Namkaran Sanskar Kya Hai
Namkaran Sanskar Kya Hai: एक दिन एक सज्जन बड़े उत्साह से अपनी पोती से मिलवाते हुए बोले — “हमने इसका नाम ‘अवीरा’ रखा है — बड़ा यूनिक नाम है।”मैंने सहजता से पूछा, “इसका अर्थ?”गर्व से बोले, “बहादुर, कॉन्फिडेंट, फियरलेस!”बस उसी क्षण मेरे भीतर वर्षों का शास्त्रीय अनुशासन सिर थामकर बैठ गया।मैंने कहा — “बंधु, ‘अवीरा’ संस्कृत में उस स्त्री के लिए कहा गया है जिसके न पति हों, न पुत्र।
श्लोक है — ‘नास्ति वीरः पुत्त्रादिर्यस्याः, सा अवीरा।’
अर्थात जो वीरहीन हो — वही ‘अवीरा’।”
उनके चेहरे का तेज़ मंद पड़ गया। बोले — “अब तो स्कूल में नाम दर्ज हो चुका है, क्या करें?”यह अकेला मामला नहीं है। आजकल नामकरण का संस्कार “नाम-फैशन” बन गया है — मायरा, कियारा, रेयांश, केयांश, वियान… और पता नहीं क्या-क्या। नामों का अर्थ पूछो तो उत्तर होता है — “It means ray of light”, “God’s favorite”, “Full of positivity”.
कभी एक पिता ने अपनी बेटी का नाम ‘श्लेष्मा’ रखा।मैं चौंक गया — “आपको अर्थ पता है?”बोले, “जिस पर मां की कृपा हो।”अब कौन समझाए कि ‘श्लेष्मा’ संस्कृत में म्यूकस — नाक का कचरा — को कहा जाता है।
यह विडंबना है — जहां नाम अब शास्त्र से नहीं, इंस्टाग्राम के ट्रेंडिंग टैग्स से लिए जाते हैं। गूगल और AI अब हमारे नाम-पंडित बन बैठे हैं। पहले जहाँ नामकरण दादा‑दादी, गुरुजन और कुल पुरोहित के निर्देशन में होता था, वहीं अब यह एल्गोरिथ्म और इंग्लिश साउंडिंग पर निर्भर है।
भारतीय परंपरा में नामकरण एक पवित्र संस्कार था — नामकरण संस्कार, जिसे गृह्यसूत्रों, मनुस्मृति और धर्मशास्त्रों में विस्तार से वर्णित किया गया है। बच्चे का नाम नक्षत्र, राशि, कुल परंपरा और भविष्य के गुणों के अनुसार तय होता था।
शास्त्रों का विधान है —
“नाम्नैव कीर्तिं लभते मनुष्यः”
अर्थात् मनुष्य को लोक में कीर्ति और सम्मान नाम से ही प्राप्त होता है।
बालक का नाम दो या चार अक्षरों का हो, घोष वर्ण से शुरू हो, अंत में दीर्घ स्वर मध्यम वर्ण में ‘य र ल व’ और अंत में दीर्घ व कृदन्त हो।
• बालिका का नाम विषम वर्णी, तीन या पाँच अक्षरों का, दीर्घ ‘आ’कारांत और तद्धितांत हो।
(संदर्भ: पारस्कर गृह्यसूत्र 1/7/23)
नक्षत्रानुसार नाम को गुप्त रखना चाहिए — यह तांत्रिक आघातों से सुरक्षा के लिए जरूरी बताया गया है। व्यवहारिक नाम सार्वजनिक होता है, लेकिन कुंडली नाम निजी रहना चाहिए।
(संदर्भ: धर्मसिंधु, स्मृति संग्रह)
हमारे धर्म में अधिकांश लोग पुत्र‑पुत्री का नाम भगवान, प्रकृति, गुण या सेवा भाव से जोड़ते हैं — ताकि हर बार उसका नाम लेना प्रभु-स्मरण बन जाए।
“भायं कु भायं अनख आलसहूँ, नाम जपत मंगल दिसि दसहूँ।”
(पारस्कर गृह्यसूत्र 1/7/23)
नाम और जीवन के भावात्मक व वैज्ञानिक आयाम
नाम केवल शब्द नहीं, ऊर्जा और चरित्र का बीज होता है। ध्वनि विज्ञान और मनोविज्ञान दोनों यह मानते हैं कि किसी नाम का लगातार उच्चारण व्यक्ति के स्वभाव पर गहरा असर डालता है।
‘प्रदीप’ जैसा नाम प्रकाश की ओर ले जाता है, जबकि ‘श्लेष्मा’ जैसे नाम अवचेतन में उपहास का बोध कराते हैं।
नाम से व्यक्ति वही बनता है, जो उसमें उच्चारित होता है।
इसीलिए हमारे धर्म में बच्चों के नाम ईश्वर, गुण, प्रकृति और सेवा भाव से जुड़े होते हैं — ताकि हर बार नाम पुकारना ईश्वर-स्मरण बन जाए।
“भायं कु भायं अनख आलसहूँ, नाम जपत मंगल दिसि दसहूँ।”
किस नाम को क्यों न रखा जाए?
हमारे समाज में कुछ नाम ऐसे भी रहे हैं जिन्हें नकारात्मकता, छल, अधर्म और कुटिलता के प्रतीक के रूप में जाना गया — जैसे मंथरा, कैकेयी, रावण, कंस, शकुनि, दु:शासन।
इन नामों को आज तक शब्द-स्मृति में त्याज्य माना गया है।
दूसरी ओर, राम, कृष्ण, अर्जुन, शिव, हरि, गोपाल, जानकी, सीता, रमा, राधा, लक्ष्मी जैसे नाम गुणों, भावों और आदर्शों के प्रतिनिधि बनते हैं।
एक समय था जब हर महिला के नाम में “देवी” जुड़ा होता था — सीता देवी, जानकी देवी, रमा देवी। यह केवल सम्मान नहीं था — यह नाम के माध्यम से चरित्र में देवीत्व को आमंत्रित करने का माध्यम था। आज यह ‘देवी’ शब्द कहीं खो गया है — और उसकी जगह आधुनिकता ने ब्रायन, एंजेला, कियारा जैसे नामों को थमा दिया है, जिनमें न भारतीयता है, न आध्यात्मिकता।
जन्मदिन: दीप जलाना या मोमबत्ती बुझाना?
आज बच्चों के जन्मदिन पर केक काटना और मोमबत्ती बुझाना आम हो गया है। लेकिन क्या हमें याद है कि हमारी परंपरा में जीवन के आरंभ में दीप जलाया जाता है, बुझाया नहीं जाता?
दीप का प्रज्वलन प्रकाश का आह्वान है। संस्कृत में कहा गया है —
“तमसो मा ज्योतिर्गमय”
यानी हमें अंधकार से प्रकाश की ओर जाना है — न कि दीप बुझा कर वापस अंधकार में।
जन्मोत्सव में केक काटना, मोमबत्ती बुझाना यूरोपीय परंपरा है, जहाँ इसे मृत्यु की स्मृति और जीवन के एक और वर्ष के समाप्त होने का संकेत माना जाता है। हम इस अंधानुकरण में यह भूल गए कि जन्म और जीवन का उत्सव दीप जलाकर मनाया जाता है — न कि प्रकाश बुझा कर।
नाम केवल एक ध्वनि नहीं — एक संस्कार, एक ऊर्जा, एक दिशा और एक भविष्य की छाया है।
ऐसा न हो कि बच्चा बड़ा होकर पूछ बैठे —
“पापा, आपने मेरा नाम ‘मंथरा’ क्यों रखा था?”
इसलिए नाम में हो:
सार्थकता, ताकि बच्चा अपने नाम में उद्देश्य पाए।
उच्चारण की सरलता, ताकि उसे बुलाना सम्मानसूचक लगे।
सांस्कृतिक जड़ें, ताकि वह अपनी मिट्टी से जुड़ा रहे।
आध्यात्मिक प्रेरणा, ताकि नाम हर बार स्मरण हो ईश्वर का।
आज नामकरण का समय है — “रायता फैलाने” का नहीं, “संस्कार बोने” का।
यह केवल पौराणिक बात नहीं है — नाम का उच्चारण व्यक्ति के भीतर गहराई से असर करता है।
यदि किसी बालक का नाम प्रदीप है तो वह अपने नाम के अनुसार ‘प्रकाश’ से जुड़ाव रखता है, जबकि श्लेष्मा जैसे नाम का बार-बार उच्चारण उसे स्वयं के प्रति भी उपहास का पात्र बना सकता है।
नाम वह बीज है जो धीरे-धीरे व्यक्तित्व, आचरण और ऊर्जा का वृक्ष बनता है। इसलिए नाम रखते समय मात्र ध्वनि की नहीं, भाव, अर्थ और संस्कार की भी उतनी ही चिंता होनी चाहिए।
आपका बच्चा आपके कुल का दीपक है। उसका नाम केवल सुंदर न लगे — वह शुभ, सार्थक, संस्कारी और संजीवनी हो।नाम न केवल पुकारा जाता है — वह जिया भी जाता है।
1. श्रीराम और नामकरण का गौरव
वाल्मीकि रामायण में वर्णन आता है कि जब अयोध्या में चारों राजपुत्रों का जन्म हुआ, तो वशिष्ठ मुनि ने यज्ञोपवीत के पश्चात राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के नाम रखे। ये नाम नक्षत्र, गुण, और भाव के अनुसार चुने गए थे। “राम” शब्द का अर्थ होता है — जो हृदय में रम जाए। यह नाम न केवल सौंदर्य और भाव से परिपूर्ण है, बल्कि ध्वनि की दृष्टि से भी मनोवैज्ञानिक रूप से संतुलनकारी है।
2. अशोक का नाम ‘चंड अशोक’ से ‘धर्म अशोक’ बनने का प्रसंग
मौर्य सम्राट अशोक को बचपन में उनके क्रूर स्वभाव के कारण “चंड अशोक” कहा जाता था। लेकिन कलिंग युद्ध के पश्चात जब उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाया और करुणा व धर्म की राह पर चले, तब उनका नाम “धर्माशोक” (धर्म का संरक्षक) पड़ गया। यह उदाहरण दर्शाता है कि नाम परिवर्तन कैसे सामाजिक छवि और आत्मा के परिष्कार का संकेत बन सकता है।
3. हनुमानजी के नामकरण के अनेक रूप
हनुमान जी के कई नाम हैं — मारुति, पवनपुत्र, अंजनेय, वायुपुत्र, महावीर, बजरंगबली — और हर नाम उनके किसी विशेष गुण या संबंध से जुड़ा है। “हनुमान” नाम उनके गाल (हन्ु) पर जन्म के समय आए घाव के कारण पड़ा। अर्थात, हमारे पूर्वज नाम में केवल सुंदरता नहीं, अनुभव और कथानक भी जोड़ते थे।
4. महाभारत के युधिष्ठिर का ‘धर्मराज’ नाम
युधिष्ठिर का असली नाम “युधिष्ठिर” था, जिसका अर्थ होता है — जो युद्ध में स्थिर रहे। लेकिन उन्होंने जीवन भर धर्म के मार्ग का पालन किया, इसलिए उन्हें “धर्मराज” कहा जाने लगा। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि जीवन के कर्म और आचरण से भी नाम नया स्वरूप ग्रहण कर सकता है।
5. नाम और व्यक्तित्व का वैज्ञानिक जुड़ाव
भारतीय परंपरा में बालक-बालिका के नामों को ‘व्यावहारिक’ और ‘नक्षत्र आधारित’ दो भागों में विभाजित किया जाता था। व्यवहार में जो नाम बुलाया जाए वह सरल, सकारात्मक और उच्चारण में मधुर हो, जबकि नक्षत्र नाम गुप्त रखा जाता था — ताकि तांत्रिक हानि से बचाव हो सके। यह वैज्ञानिक और आध्यात्मिक दोनों दृष्टिकोणों का समन्वय है, जो दुनिया की शायद ही किसी अन्य परंपरा में मिलता हो।
6. नाम और मंत्र की समानता
हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि नाम का जप भी एक प्रकार का मंत्र-जप होता है। यही कारण है कि भगवान के नाम को बार-बार स्मरण करना पुण्य माना गया। जब किसी बालक का नाम “हरि”, “राम”, “शिव” या “वेदांत” रखा जाता है, तो हर बार उसे पुकारना एक आध्यात्मिक आवाहन बन जाता है।
7. नवजात को पहला शब्द सुनाना — नामकरण का शुद्ध मनोविज्ञान
प्राचीन काल में जब दादी या कुलगुरु बच्चे को गोद में लेते थे और घंटी बजाकर उसके कान में नाम फुसफुसाते थे, तो उसका मनोविज्ञान यह था कि बच्चे द्वारा सुना गया पहला शब्द शुभ और सार्थक हो। आज विज्ञान भी मानता है कि शिशु गर्भ और जन्म के तुरंत बाद ध्वनि संवेदना (auditory perception) से तेजी से सीखता है।हमारे यहां शास्त्रों में कहा गया है—यथा नाम तथा गुणे” । इस का मूल वाल्मीकि रामायण, सुंदरकांड, सर्ग 35, श्लोक 10 में मिलता है। यह श्लोक हनुमानजी के विषय में सीता माता द्वारा कहा गया है जब वे लंका में हनुमानजी से मिलने के बाद उनके गुणों और नाम पर विचार करती हैं:
“न नामकर्मणा ज्ञेयो लोकोऽयं नाम कर्मणि।
यथा नाम्ना तथा रूपं यथा रूपं तथा गुणः॥”
शास्त्रों में लिखा है कि व्यक्ति का जैसा नाम है समाज में उसी प्रकार उसका सम्मान और उसका यश कीर्ति बढ़ाने में महत्वपूर्ण कारक होता है। जैसे-
नामाखिलस्य व्यवहारहेतु: शुभावहं कर्मसु भाग्यहेतु:।
नाम्नैव कीर्तिं लभते मनुष्य-स्तत: प्रशस्तं खलु नामकर्म।
(संदर्भ-वीरमित्रोदय-संस्कार प्रकाश}
स्मृति संग्रह में बताया गया है कि व्यवहार की सिद्धि आयु एवं ओज की वृद्धि के लिए श्रेष्ठ नाम होना चाहिए.
आयुर्वर्चो sभिवृद्धिश्च सिद्धिर्व्यवहृतेस्तथा ।
नामकर्मफलं त्वेतत् समुद्दिष्टं मनीषिभि:।
नाम कैसा हो,
नाम की संरचना कैसी हो इस विषय में ग्रह्यसूत्रों एवं स्मृतियों में विस्तार से प्रकाश डाला गया है पारस्करगृह्यसूत्र 1/7/23 में बताया गया है-
द्व्यक्षरं चतुरक्षरं वा घोषवदाद्यंतरस्थं।
दीर्घाभिनिष्ठानं कृतं कुर्यान्न तद्धितम्।।
अयुजाक्षरमाकारान्तम् स्त्रियै तद्धितम् ।।


