TRENDING TAGS :
न्यूयॉर्क: पतझड़ के मौसम में रंगीन यात्रा का बेमिसाल अनुभव
न्यूयॉर्क के पतझड़ मौसम में रंग-बिरंगे पेड़, सेंट्रल पार्क, हाई लाइन, फेरी टूर और प्रसिद्ध स्थलों का अनोखा आनंद लें। यह गाइड आपकी यात्रा को यादगार बनाएगा।
New Yark Tourism (Image From Social Media)
वैसे तो अमेरिका जाना हर किसी के लिए सपना रहता है, लेकिन अगर इसे घूमने का टूर प्लान बनाकर जाएं तो हकीकत बन सकता है। अगर किसी का अपना परिवारिक सदस्य रहता है तो भी जा सकते हैं। घूमने का विजिटर वीजा यह देश दस वर्षों के लिए देता है लेकिन उसमें ठहरने की कई शर्तें होती हैं।
अगर आपके पास अमेरिका का वीज़ा है और कभी किसी खास मौसम का लुत्फ़ उठाना चाहते हैं तो इसकी तैयारी कुछ महीने पहले करके उठा सकते हैं। जाने और आने के टिकट एक साथ लेने पड़ेंगे ताकि इमिग्रेशन के दौरान आपसे पूछे जाने पर कि यहां कितने दिन रुकने वाले हैं आप प्रमाण दे सकें।
न्यूयॉर्क में पतझड़ का प्राकृतिक सौंदर्य
वैसे तो मैंने अमेरिका का टूर मई जून के महीने में ग्रीष्म ऋतु के दौरान कई वर्ष पहले किया था, लेकिन एकबार शरद ऋतु यानि पतझड़ के मौसम में कैसा दिखाता है न्यूयॉर्क देखने की इच्छा थी। और यह इच्छा मैंने पतझड़ के मौसम यानि नवंबर में पूरी कर डाली। इस दौरान चारों तरफ पेड़ों पर रंग बिरंगे पत्ते देखते ही बनते हैं। अगर आप पैदल चलकर इस शहर का आनंद लेना चाहते हैं तो उससे अच्छा कुछ नहीं।
सेंट्रल पार्क और हाई लाइन का अनोखा अनुभव
न्यूयॉर्क शहर में पतझड़ के मौसम के दौरान कुछ जगह खासकर सेंट्रल पार्क और हाई लाइन जैसी जगहों पर घूमना, आसपास के स्ट्रीट को अन्वेषण करना एक अलग अनुभव देता है। सेंट्रल पार्क के भीतर सैलानी टैक्सी या पेडिकैब का टूर भी कर सकते हैं। पतझड़ में सेंट्रल पार्क की खूबसूरती का आनंद आप पैदल चलकर लें तो कुछ और ही बात है। इस दौरान प्रकृति की खूबसूरती अपने चरम सीमा पर होती है। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं तो हर दृश्य आपको अपने कैमरे में कैद करने को आतुर करेगा।
फेरी राइड और प्रतिष्ठित स्थान
इसके अलावा फेरी से स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी एलिस आइलैंड जो न्यूयॉर्क की सबसे प्रतिष्ठित जगहों में से एक है जाने का मज़ा भी ले सकते हैं और ऐतिहासिक मूर्तियों को देख सकते हैं।
साथ ही एम्पायर स्टेट बिल्डिंग और 9/11 मेमोरियल जैसी प्रसिद्ध जगहों को घूम सकते हैं। चारों तरफ चिनार के सूखे लाल, पीले, भूरे पत्ते आपको अपने कैमरे में कैद करने से रोक नहीं सकते।
ऑब्जर्वेशन डेक से शहर का अद्भुत दृश्य
एम्पायर स्टेट बिल्डिंग में ऑब्जर्वेशन डेक से पूरे न्यूयॉर्क शहर का मनोरम दृश्य देखते ही बनता है।
9/11 मेमोरियल और म्यूजियम हर पर्यटक को एक मार्मिक और ऐतिहासिक अनुभव प्रदान करता है।
मैनहट्टन और ब्रुकलिन को जोड़ने वाले ऐतिहासिक ब्रुकलिन ब्रिज पर पैदल चल कर एक अलग अनुभव पा सकते हैं।
हाई लाइन जो एक पुराना रेलवे ट्रैक है, जिसे एक ऊंचाई वाले पार्क में बदल दिया गया है उसका अनुभव आप शहर के नज़ारों के साथ टहलते हुए ले सकते हैं।
न्यूयॉर्क शहर में स्थित एक टॉवर "समीट वन वेंडरबिल्ट" जो मनोरम दृश्यों के लिए एक अवलोकन डेक और कला प्रतिष्ठानों के लिए पर्यटकों के खास आकर्षण का केंद्र है,भी घूम सकते हैं। यहां कांच के फर्श वाली बाहरी लिफ्ट है जो आपको सबसे ऊपर वाले तल पर ले जाती है। इसमें प्रवेश के लिए ऑनलाइन या काउंटर से टिकट खरीद सकते हैं।
बस, फेरी और पेडिकैब से शहर घूमें
न्यूयॉर्क शहर के विभिन्न इलाकों को आप पैदल या बस या टैक्सी अपनी खर्च करने की क्षमता अनुसार एक्सप्लोर कर सकते हैं। इस तरह आप इस शहर को घूमने के लिए पेडिकैब, बस या नाव टूर का विकल्प चुनकर यादगार सफर बना सकते हैं।
न्यूयॉर्क शहर बहुत बड़ा है इसलिए अगर आप पहली बार आ रहे हैं तो पूरे शहर का अवलोकन बस टूर से शुरू कर सकते हैं। कम से कम इस शहर के लिए तीन दिन अवश्य दें, तभी आप इस शहर का थोड़ा लुत्फ़ उठा सकते हैं। अगर आपके पास कम से कम समय है तो गाइडेड बस टूर से इस शहर को देखने का एक अच्छा तरीका है। इसके अलावा सेंट्रल पार्क या अन्य इलाकों में घूमने के लिए पेडिकैब टूर एक अनोखा अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही नदी के फेरी टूर से शहर के ऊंची इमारतों और प्रसिद्ध स्थलों को देखने का शानदार अवसर मिलता है। अगर आप स्वतंत्र रूप से अपने आप घूमना चाहते हैं और आपके पास अधिक समय है, तो आप खुद से शहर की खोज करिए, गूगल मैप के जरिए आप हर स्ट्रीट को पैदल चलकर अपने हिसाब से देख और समझ सकते हैं।
न्यूयॉर्क यात्रा का सबसे अच्छा समय :
वैसे तो न्यूयॉर्क घूमने का हर मौसम एक अलग अनुभव देता है लेकिन वसंत और पतझड़ का मौसम ज्यादा सुखद होता है। इस दौरान भीड़ थोड़ी कम होती है और पार्क खूबसूरत दिखते हैं।
जनवरी से मार्च काफी सर्दी पड़ती है और इस दौरान कोई त्यौहार न होने के कारण होटल और फ्लाइट की कीमतें कम होती हैं तब घूमने के लिए यह सबसे सस्ता समय हो सकता है।
क्रिसमस और न्यू ईयर पर यहां आने के लिए होटल और फ्लाइट की टिकटें काफी महंगी होती हैं। लेकिन उस दौरान यह खास त्यौहार होने का आनंद और चारों तरफ एक खुशी भरा माहौल रहता है। हर सड़क, मार्केट क्रिसमस की धूम से सजे और रंगीन रहते हैं। पैदल घूमकर इसका लुत्फ़ उठा सकते हैं। ठंड भी अपने चरम पर होती है जिसमें लोग अलग अलग के गरम परिधान में घूमते नज़र आएंगे। सपनों के इस अंतरराष्ट्रीय शहर का पतझड़ के मौसम में रंग बिरंगे गिरते पत्तों और पार्क का दृश्य आपको जीवन भर यादगार रहेगा।


