Jungle Safari Plan: नवंबर में इन 6 जगहों पर मिलेगा नेचर और एडवेंचर का बेस्ट कॉम्बो

Winter Jungle Safari Trip: सर्दियों की शुरुआत होते ही जंगल सफारी का असली मज़ा आता है। नवंबर में प्रकृति, ठंडी हवाओं और रोमांच से भरपूर इन टॉप 6 टाइगर रिज़र्व में सफारी का अनुभव अनोखा होता है।

Jyotsana Singh
Published on: 5 Nov 2025 5:01 PM IST (Updated on: 5 Nov 2025 6:12 PM IST)
Jungle Safari Plan: नवंबर में इन 6 जगहों पर मिलेगा नेचर और एडवेंचर का बेस्ट कॉम्बो
X

Jungle safari trip: ट्रैवल लवर्स के लिए सर्दी का मौसम सबसे बेस्ट माना जाता है। वहीं गुलाबी ठंड से भरपूर नवंबर का महीना वाइल्डलाइफ लवर्स के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होता। यह वो मौसम होता है जब बारिश का मौसम बीत चुका होता है। ऐसे में नदी, झीलें, पोखर और जंगल सभी प्राकृतिक खूबसूरती से सराबोर रहते हैं और मौसम सफारी के लिए एकदम परफेक्ट होता है। इस समय जानवर ज्यादा एक्टिव रहते हैं और टाइगर देखने की संभावना भी बढ़ जाती है। अगर आप नेचर और एडवेंचर दोनों का मज़ा एक साथ लेना चाहते हैं, तो भारत के ये छह टॉप टाइगर रिजर्व आपकी जंगल सफारी ट्रिप को यादगार बना सकते हैं-

1. रणथंभौर टाइगर रिजर्व, राजस्थान

भारत के सबसे लोकप्रिय टाइगर रिजर्व में से एक रणथंभौर सर्दियों के शुरुआती महीनों में अपनी पूरी खूबसूरती पर होता है। अक्टूबर में खुलने के बाद नवंबर तक जंगल सूखने लगते हैं, जिससे टाइगर और अन्य जानवरों को देखना आसान हो जाता है।

यहां के प्राचीन किले, झीलें और सघन वन क्षेत्र सफारी के दौरान एक अनोखा अनुभव देते हैं। नवंबर से मार्च तक का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा समय होता है। यहां पर ताला, झालरा और कछीदा जोन टाइगर देखने के लिहाज से मशहूर हैं।

कैसे पहुंचे - जयपुर से लगभग 180 किमी की दूरी पर स्थित है। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

2. कान्हा टाइगर रिजर्व, मध्य प्रदेश

रुडयार्ड किपलिंग की The Jungle Book की प्रेरणा यही जंगल था। कान्हा नेशनल पार्क अपने विस्तृत घास के मैदानों, सागौन के घने पेड़ों और शानदार जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है।

नवंबर में मानसून के बाद का हरा-भरा दृश्य इसे और भी आकर्षक बना देता है। यह जगह न सिर्फ टाइगर बल्कि दुर्लभ बारहसिंगा (Swamp Deer) के लिए भी मशहूर है।

कान्हा जोन और किसली जोन में टाइगर देखने के मौके अधिक रहते हैं।

कैसे पहुंचे - जबलपुर और रायपुर इसके नजदीकी एयरपोर्ट हैं, वहीं मांडला या बालाघाट से सड़क मार्ग से पहुंचा जा सकता है।

3. पेंच टाइगर रिजर्व, मध्य प्रदेश - महाराष्ट्र सीमा

अगर आप जंगल सफारी के साथ अपनी बचपन की यादें भी ताज़ा करना चाहते हैं, तो पेंच टाइगर रिजर्व जरूर जाना चाहिए। मशहूर धारावाहिक ‘मोगली’ की कहानी यहीं के जंगलों से प्रेरित थी।

नवंबर में यहां का नीला आसमान, साफ हवा और ठंडी सुबह-सुबह की सफारी अनुभव को जादुई बना देते हैं। यहां आकर आपको सुबह और शाम दोनों समय की सफारी का लुत्फ जरूर उठाना चाहिए। क्योंकि इस वक्त वाइल्डलाइफ सबसे ज्यादा एक्टिव रहती है।

कैसे पहुंचे - नागपुर और सिवनी इसके नजदीकी शहर हैं, नागपुर से महज 90 किमी की दूरी पर है।

4. जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, उत्तराखंड

उत्तर भारत का सबसे पुराना और लोकप्रिय टाइगर रिजर्व जिम कॉर्बेट नवंबर महीने में भरपूर प्राकृतिक सौंदर्य से भर जाता है। खासतौर से हल्की ठंड, साफ जंगल और शांत वातावरण इसे फोटोग्राफरों और नेचर लवर्स का पसंदीदा प्लेस बनाते हैं।

यहां न केवल टाइगर, बल्कि हाथी, घुरल, हिरण और कई दुर्लभ पक्षी भी देखने को मिलते हैं। यहां खासतौर से ढिकाला और बिजरानी जोन टाइगर देखने के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य है। सफारी ट्रिप के दौरान यहां मॉर्निंग स्लॉट में सफारी का मज़ा दोगुना होता है।

कैसे पहुंचे - रामनगर इसका गेटवे है, जो दिल्ली से करीब 250 किमी दूर है।

5. बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, मध्य प्रदेश

अगर आप ‘टाइगर डेंसिटी’ यानी सबसे अधिक बाघों वाले पार्क की तलाश में हैं, तो बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व सबसे बेहतर विकल्प है।

यहां की ठंडी सुबह और सूखे जंगल टाइगर देखने के लिए बेहतरीन प्लेस माने जाते रहे हैं। यहां आकर ताला, मगधी और खितौली जोन में बुकिंग जरूर कराएं। इन क्षेत्रों में टाइगर साईटिंग की संभावना सबसे ज्यादा रहती है।

कैसे पहुंचे - जबलपुर से लगभग 170 किमी की दूरी पर स्थित है और उमरिया रेलवे स्टेशन सबसे नजदीक है।

6. ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व, महाराष्ट्र

ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व महाराष्ट्र का सबसे पुराना और प्रमुख टाइगर पार्क है। अक्टूबर से यहां सफारी सीजन शुरू हो जाता है और नवंबर में जंगल सूखने लगते हैं। जिससे टाइगर साईटिंग के अवसर बढ़ जाते हैं।

यहां भीड़ अपेक्षाकृत कम रहती है, जिससे सफारी का अनुभव और भी शांतिपूर्ण हो जाता है। यहां आकर मोहर्ली और कोलारा जोन में बुकिंग करें। ये टाइगर साईटिंग के लिए बेस्ट माने जाते हैं।

कैसे पहुंचे - नागपुर से लगभग 140 किमी की दूरी पर है और सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

सफारी जाने से पहले ध्यान रखने योग्य बातें

बुकिंग पहले करें

सभी रिजर्व में ऑनलाइन परमिट सीमित होते हैं, खासकर नवंबर में भीड़ बढ़ जाती है। इसलिए अपनी ट्रिप सुरक्षित रखने के लिए एडवांस बुकिंग करवा लें।

उचित कपड़ों का चुनाव

जंगल सफारी के दौरान वहां का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहता है। इसलिए सफारी के समय हल्के लेकिन गर्म कपड़े रखें। सुबह-सुबह सफारी के दौरान ठंड लग सकती है।

कैमरा तैयार रखे

नवंबर का मौसम और धूल-रहित वातावरण वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी के लिए बेहतरीन अवसर माना जाता है। इसलिए सफारी के दौरान किसी भी खूबसूरत दृश्य को कैद करने के लिए कैमरा तैयार रखें। साथ ही सुरक्षित यात्रा के लिए गाइड के निर्देश मानें। जानवरों से दूरी बनाए रखें और शोर न करें। भारत के ये छह टाइगर रिजर्व अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता और टाइगर साईटिंग के शानदार अवसरों के लिए जाने जाते हैं। नवंबर में जंगल सफारी सिर्फ एक ट्रिप नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ जुड़ने का एक शानदार अनुभव होता है।

1 / 7
Your Score0/ 7
Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story