Ayodhya News: अयोध्या में 'भूजल सप्ताह' पर जागरूकता कार्यक्रम, जल संरक्षण का दिया संदेश

Ayodhya News: यह कार्यक्रम कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में पिठला स्थित आशा देवी इंटर कॉलेज में "जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित" की थीम पर केंद्रित था।

NathBux Singh
Published on: 23 July 2025 6:41 PM IST
Ayodhya News: अयोध्या में भूजल सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम, जल संरक्षण का दिया संदेश
X

अयोध्या में 'भूजल सप्ताह' पर जागरूकता कार्यक्रम  (photo: social media )

Ayodhya News: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय द्वारा भारत सरकार के नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत "भूजल सप्ताह" के अवसर पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में पिठला स्थित आशा देवी इंटर कॉलेज में "जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित" की थीम पर केंद्रित था।

सहायक प्राध्यापक डॉ. गरिमा सिंह ने भूजल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमारे जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन है, जिसका उपयोग पीने के पानी, कृषि और उद्योगों के लिए किया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भूजल की कमी से सूखा, अकाल और जल संकट जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। डॉ. सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि जल संरक्षण न केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रज्ञा पांडेय ने बताया कि इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के बीच भूजल संरक्षण और जल की महत्ता के प्रति जागरूकता फैलाना था। उन्होंने कहा कि भूजल संरक्षण से जल संसाधनों की कमी को कम किया जा सकता है। इस दौरान जल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन (rainwater harvesting) और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण पर भी विशेष बल दिया गया।

विद्यार्थियों ने पिठला गांव में एक रैली निकाली

कार्यक्रम के तहत आशा देवी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने पिठला गांव में एक रैली निकाली, जिसमें "जल बचाओ" और "भूजल संरक्षण"-संबंधी नारे लगाए गए। आस-पास के ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए पंपलेट (पर्चे) भी वितरित किए गए। इन पर्चों में जल संकट के कारणों, जल संरक्षण के उपायों और भूजल की वर्तमान स्थिति पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई थी। डॉ. गरिमा सिंह और डॉ. प्रज्ञा पांडेय के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष मौजूद रहे, जिन्होंने जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

1 / 8
Your Score0/ 8
NathBux Singh
ABOUT THE AUTHOR

NathBux Singh

Next Story