TRENDING TAGS :
Azamgarh News: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पांच के खिलाफ केस दर्ज
Azamgarh News: मृतका की पहचान अंजली (25 वर्ष) पत्नी रंजीत राम के रूप में हुई है। उसका शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला।
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (PHOTO: SOCIAL MEDIA )
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बिशुनपुर कोलापट्टी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार रात हुई इस घटना में पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान अंजली (25 वर्ष) पत्नी रंजीत राम के रूप में हुई है। उसका शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतका के मायके पक्ष को सूचित किया।
मृतका का मायका कंधरापुर थाना क्षेत्र के महरापुर गांव में है। पिता रामभुवन राम, जो रिक्शा चालक हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बेटी की शादी वर्ष 2023 में रंजीत राम से हुई थी। ससुराल पक्ष बाइक की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था। आरोप है कि अंजली की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया।
मामला दर्ज
पुलिस ने पति रंजीत राम, ससुर राधे राम, देवर प्रवेश, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अंजली के एक वर्षीय पुत्र का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के असल कारण का पता चलेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है।


