Barabanki News: नगर पालिका कार्यालय में हंगामा, JE और AE पर गाली-गलौज का आरोप, सभासदों की सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

Barabanki News: सभासदों का कहना है कि गांधीनगर वार्ड के सभासद तामभुजनंद जब क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर जेई और एई से मिलने पहुंचे, तो उन्हें न सिर्फ अपमानित किया गया बल्कि जातिगत टिप्पणी कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया।

Sarfaraz Warsi
Published on: 17 July 2025 8:43 PM IST
Barabanki News: नगर पालिका कार्यालय में हंगामा, JE और AE पर गाली-गलौज का आरोप, सभासदों की सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
X

: नगर पालिका कार्यालय में हंगामा, JE और AE पर गाली-गलौज का आरोप  (photo: social media )

Barabanki News: नवाबगंज नगर पालिका परिषद कार्यालय में गुरुवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब नगर क्षेत्र के कई सभासद अपने अध्यक्ष सुशील गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचकर जेई और एई पर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और अभद्रता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

सभासदों का कहना है कि गांधीनगर वार्ड के सभासद तामभुजनंद जब क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर जेई और एई से मिलने पहुंचे, तो उन्हें न सिर्फ अपमानित किया गया बल्कि जातिगत टिप्पणी कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया। पूरे घटनाक्रम को लेकर सभासद नगर कोतवाली पहुंचे और दोनों अधिकारियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। सभासदों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि और ईओ को चेतावनी दी है कि अगर जेई नेहा खान और एई जियालाल के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से इस्तीफा देने को बाध्य होंगे।

नीचे की सड़क की हालत बेहद खराब

गांधीनगर वार्ड के सभासद तामभुजनंद ने बताया कि उनके क्षेत्र में स्थित ओरब्रज के नीचे की सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हैं जिससे बच्चों और आम राहगीरों को खतरा बना हुआ है। उन्होंने एक माह पहले इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र सौंपा था जिस पर डीएम ने नगर पालिका परिषद को मौके की जांच कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे।


तामभुजनंद का कहना है कि गुरुवार को वह जब नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और जेई नेहा खान व एई जियालाल से मिले, तो जेई ने बात को टालते हुए कहा कि यह काम जरूरी नहीं है, पहले अन्य कार्य कराए जाएंगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो जेई ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और गालियां देते हुए कमरे से बाहर निकाल दिया। उनके साथ मौजूद सभासद नईम खान और अन्य सदस्यों से भी अभद्र व्यवहार किया गया।

सभासदों के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने बताया कि यह किसी एक वार्ड का मामला नहीं है, बल्कि पूरे सभासद मंडल की प्रतिष्ठा का सवाल है। उन्होंने कहा कि हम सभी सभासद इस घटना से बेहद आहत हैं। नगर पालिका में चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामले की तहरीर

उन्होंने बताया कि सभी सभासद मिलकर नगर कोतवाली में इस मामले की तहरीर दे चुके हैं, और अब यहां नगर पालिका कार्यालय में नगर अध्यक्ष और ईओ के सामने अपनी मांग रख रहे हैं यदि संबंधित अधिकारियों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई नहीं हुई तो हम सब सामूहिक रूप से इस्तीफा देंगे। सभासदों की मांग है कि जेई नेहा खान को तत्काल कार्रवाई की जाए और एई जियालाल जो बीते कई वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं इनको यहां से हटाया जाए।

1 / 9
Your Score0/ 9
Sarfaraz Warsi
ABOUT THE AUTHOR

Sarfaraz Warsi

Next Story