Chandauli News: नौगढ़ में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

Chandauli News: घटनास्थल से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे युवक को मृत देखकर चंद्रप्रभा पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

Sunil Kumar
Published on: 23 Jun 2025 8:58 AM IST
Chandauli News: नौगढ़ में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
X

Chandauli News: चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार की अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। चंद्रप्रभा पुलिस चौकी के अंतर्गत लोलर चुआ लौवारी छलका के समीप 21 वर्षीय युवक की बाइक से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान नौगढ़ थाना क्षेत्र के अमृतपुर गांव निवासी बबून्दर के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि सुजीत बीती रात किसी जरूरी काम से चकिया गया हुआ था। देर रात वह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। जब देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसे फोन करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन नहीं लग रहा था।

राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

आज सुबह, घटनास्थल से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे युवक को मृत देखकर चंद्रप्रभा पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां, उन्होंने सुजीत को मृत पाया। उसकी बाइक कुछ दूरी पर गिरी हुई थी, जबकि वह कहीं और पड़ा था।

हादसे के कारणों का नहीं हो सका खुलासा

फिलहाल, घटना के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुजीत बाइक से असंतुलित होकर गिर पड़ा या किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

इस दुखद घटना की खबर जंगल में आग की तरह आसपास के इलाकों में फैल गई। सूचना पाकर सुजीत के परिजन भी चंद्रप्रभा पुलिस चौकी पर पहुंचे। अपने लाडले को मृत देखकर वे गहरे सदमे में डूब गए। सुजीत की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

खबर लिखे जाने तक पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई थी। इस संबंध में नौगढ़ थाने के निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान हो चुकी है। घटना का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

1 / 5
Your Score0/ 5
Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story