Chandauli News: रौद्र रूप में गंगा, तटवर्ती इलाकों पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा, SDM ने किया निरीक्षण

Chandauli News: एसडीएम ने बलुआ, टांडा और मारुखपुर जैसे गंगा किनारे बसे इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और बाढ़ की आशंका से जुड़ी तैयारियों और समस्याओं की जानकारी ली।

Ashvini Mishra
Published on: 15 July 2025 6:01 PM IST
chandauli news
X

chandauli news

Chandauli News: चंदौली जनपद के तटवर्ती क्षेत्रों में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और अब इसका रौद्र रूप तटवर्ती इलाकों के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में सकलडीहा के उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

एसडीएम ने बलुआ, टांडा और मारुखपुर जैसे गंगा किनारे बसे इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और बाढ़ की आशंका से जुड़ी तैयारियों और समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि किन क्षेत्रों में पानी भरने की संभावना अधिक है और वहां रहने वाले लोगों को किस तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

कुंदन राज कपूर ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है, प्रशासन पूरी तरह तैयार है और लोगों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बाढ़ से निपटने की तैयारी को अंतिम रूप दिया जाए और राहत सामग्री, नाव, मेडिकल सहायता और सुरक्षित स्थानों की सूची पहले से ही तैयार रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ के दौरान भोजन, पीने के पानी और पशुओं के चारे की व्यवस्था समय से कर ली जाए। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की सक्रियता और तैयारियों से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन गंगा के बढ़ते जलस्तर ने चिंता भी बढ़ा दी है।

1 / 8
Your Score0/ 8
Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story