UP News: कावड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी ने की बड़ी बैठक: सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर अफसरों को दिए सख्त निर्देश, शिव-भक्तों से क्या की अपील!

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Virat Sharma
Published on: 14 July 2025 1:00 PM IST
UP News: कावड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी ने की बड़ी बैठक: सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर अफसरों को दिए सख्त निर्देश, शिव-भक्तों से क्या की अपील!
X

UP News

UP News: श्रावण मास के दौरान उत्तर प्रदेश में चल रही कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यह पवित्र यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को शासन और प्रशासन की ओर से पूरी सजगता, संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, चिकित्सा, शुद्ध पेयजल, भोजनालय, विश्रामालय और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने महिला पुलिस बल की प्रभावी तैनाती और सुविधाओं की व्यवस्था के निर्देश भी दिए।

ड्रोन और सीसीटीवी से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी

सीएम योगी ने सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां 24 घंटे निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। खुफिया तंत्र को पूरी सक्रियता से काम करने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की घुसपैठ या अराजकता की कोशिशों को समय रहते रोका जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यात्रा में विघ्न डालने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।

पब्लिक एड्रेस सिस्टम और शिव भजनों का प्रसारण अनिवार्य

इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही शिव भजनों का प्रसारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालु भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से यात्रा से जुड़ाव महसूस करें। वहीं मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु प्रमुख स्थलों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस सेवाएं हर समय सक्रिय रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर विशेष ध्यान

खानपान की गुणवत्ता को लेकर मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि वे यात्रा मार्गों पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता की नियमित जांच करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सीएम योगी की श्रद्धालुओं से अपील: श्रद्धा और अनुशासन बनाए रखें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी शिवभक्तों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान श्रद्धा, मर्यादा और अनुशासन का पालन करें। उन्होंने कहा कि सभी भक्त पवित्र नदियों से जल लेकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करें और इस दौरान प्रशासन का पूरा सहयोग करें। राज्य सरकार कांवड़ यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धामय बनाने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

1 / 8
Your Score0/ 8
Virat Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Virat Sharma

Virat Sharma is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story