Etah News: पानी में डूबने के दो दर्दनाक हादसे: 14 वर्षीय किशोर का शव बंबा में मिला, अधेड़ व्यक्ति काली नदी में डूबा, परिवारों में मचा कोहराम

Etah News: शव की पहचान जैसे ही कान्हा के रूप में हुई, घर में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

Sunil Mishra
Published on: 12 July 2025 12:04 PM IST
Etah News: पानी में डूबने के दो दर्दनाक हादसे: 14 वर्षीय किशोर का शव बंबा में मिला, अधेड़ व्यक्ति काली नदी में डूबा, परिवारों में मचा कोहराम
X

Etah News

Etah News: एटा जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। एक घटना अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव गदेसरा के पास बंबा की है, जहां 14 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता हुआ मिला। वहीं दूसरी घटना जैथरा थाना क्षेत्र के मानिकपुरा गांव की है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति भैंस चराते समय काली नदी में डूब गया। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। दोनों ही घटनाओं से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

शुक्रवार शाम से लापता था मासूम, सुबह बंबा में मिला शव

अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव भैकुरी निवासी 14 वर्षीय किशोर कान्हा पुत्र विजय सिंह, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे से लापता था। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव गदेसरा के पास बंबा में एक किशोर का शव तैरता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।शव की पहचान जैसे ही कान्हा के रूप में हुई, घर में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

भैंस चराते समय काली नदी में डूबा अधेड़

दूसरी घटना जैथरा थाना क्षेत्र के मानिकपुरा गांव के पास स्थित काली नदी की है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव निवासी रामभरोसे पुत्र राज्यपाल उम्र 50 वर्ष भैंस चराने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

मौके पर उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता, नायब तहसीलदार हिमांशु पांडे, थाना प्रभारी शंभूनाथ और भारी पुलिस बल पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया। लेकिन देर शाम तक डूबे व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका। पानी का स्तर अधिक होने के कारण रात में खोजबीन रोक दी गई थी। शनिवार सुबह पुनः राहत कार्य शुरू किया गया।इन दोनों घटनाओं से कान्हा और रामभरोसे के घरों में मातम पसरा हुआ है। परिजन शोकाकुल हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

1 / 6
Your Score0/ 6
Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story