TRENDING TAGS :
Etawah News: जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, भाई ने भाई को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट; तीन घायल
Etawah News: घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
Etawah News: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तोड़ा में एक जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें एक सगे भाई ने अपने दूसरे सगे भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद
सोमवार को ग्राम तोड़ा निवासी कृपाल (50 वर्ष) और उनके छोटे भाई रामकिशोर के बीच खेत पर जमीन के बंटवारे को लेकर झगड़ा हो गया। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। रामकिशोर ने अपने भाई कृपाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे कृपाल की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में रामकिशोर सहित कुल तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
पिता की मौत के बाद जमीन बनी विवाद की जड़
क्षेत्र अधिकारी अभय नारायण राय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रामकिशोर और कृपाल सगे भाई हैं और इनके पिता शिव सिंह का एक महीने पहले देहांत हो गया था। शिव सिंह के पास कुल 16 बीघा जमीन थी, जिसमें से 6-6 बीघा जमीन दोनों भाइयों के हिस्से में आ चुकी थी। शेष चार बीघा जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था, जो आज के खूनी संघर्ष का कारण बना।
मृतक की बेटी ने न्याय की मांग की
मृतक कृपाल की बेटी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनके चाचा रामकिशोर बची हुई चार बीघा जमीन पर फसल बोना चाहते थे, जिसे लेकर उनके पिता का झगड़ा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके चाचा ने उनके पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बेटी ने यह भी बताया कि उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घायलों से भी पूछताछ की जा रही है।

