Hapur News: हापुड़ में शराबी भाई की फावड़े से हत्या, पुलिस ने 7 दिन में खोला राज

Hapur News: पुलिस ने मृतक रामलखन के सगे भाई यशपाल को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की फावड़ी बरामद कर ली है।

Avnish Pal
Published on: 19 Aug 2025 4:47 PM IST
Hapur News: हापुड़ में शराबी भाई की फावड़े से हत्या, पुलिस ने 7 दिन में खोला राज
X

शराबी भाई की फावड़े से हत्या, पुलिस ने 7 दिन में खोला राज  (photo: social media )

Hapur News: हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव डहरा रामपुर में हुई भाई की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस हत्या के पीछे कोई बाहरी दुश्मनी नहीं, बल्कि खून का रिश्ता ही जिम्मेदार निकला। पुलिस ने मृतक रामलखन के सगे भाई यशपाल को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की फावड़ी बरामद कर ली है।

12 अगस्त को मिला था शव, गांव में मच गई थी सनसनी

12 अगस्त की सुबह डहरा रामपुर गांव खामोशी से दहल गया था। घर के अंदर रामलखन का खून से लथपथ शव मिला तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हर पहलू से छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को शुरुआती जांच में ही शक था कि हत्यारा घर का ही कोई अपना हो सकता है।

भाई ही निकला भाई का कातिल

पुलिस की टीम ने गहराई से पड़ताल की तो शक की सुई रामलखन के भाई यशपाल पर जाकर टिक गई। शनिवार देर रात पुलिस ने ठंडी सड़क से यशपाल को दबोच लिया। पूछताछ में यशपाल ने जो राज खोला, उसने पुलिस टीम को भी सन्न कर दिया।

शराब बनी झगड़े की जड़, फावड़ी ने ले ली जान

अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी यशपाल ने कबूल किया कि उसका भाई रामलखन शराब का आदी था और आए दिन परिवार से लड़ाई-झगड़ा करता था। यशपाल गाजियाबाद में रहता था और 12 अगस्त को अपने गांव आया। रामलखन ने पैसे दिए और दोनों भाइयों ने घर में बैठकर शराब पी।इसी दौरान जमीन और शादी को लेकर दोनों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में रामलखन ने यशपाल पर कुर्सी से हमला कर दिया। बचाव और गुस्से में यशपाल ने पास पड़ी लोहे की फावड़ी उठाई और रामलखन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। वार इतना घातक था कि मौके पर ही रामलखन की मौत हो गई।

वारदात के बाद भागा आरोपी, पुलिस ने पकड़ा

हत्या के बाद यशपाल मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर तलाश शुरू की और 7 दिन बाद आरोपी को धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ी भी बरामद कर ली गई है।

गांव में दहशत, लोग हैरान

इस वारदात के बाद से पूरे गांव में खौफ और सन्नाटा पसरा है। लोग कह रहे हैं कि खून का रिश्ता भी शराब और लालच के आगे हार गया।

1 / 7
Your Score0/ 7
Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story