Hardoi News: एक से अधिक बार मिलावट करने वालों की फोटो होगी सार्वजनिक चस्पा, विभाग तैयार कर रहा लिस्ट

Hardoi News: खाद एवं औषधि विभाग द्वारा खाद्य पदार्थ में मिलावट करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है।

Pulkit Sharma
Published on: 24 July 2025 5:35 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News

Hardoi News: जनपद में मिलावट खोरी का गोरख धंधा काफी जोरों से चल रहा है। संडीला मिलावट खोरी का हब है। यहां त्योहारों पर दूध में सबसे ज्यादा मिलावट पाई जाती है। कई बार भारी मात्रा में नकली दूध भी खाद्य एवं औषधि विभाग की छापेमारी में बरामद हुआ है साथ ही त्योहार पर जनपद में मिलावट का काम काफी तेजी से होता है जो कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए बिल्कुल भी सेहतमंद नहीं है। दुकानदार चंद मुनाफे के लिए लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने में पीछे नहीं रहते हैं। दुकानदारों को प्रशासन की कार्यवाही का भी कोई भय नहीं है।

दुकानदार जानते हैं कि चंद जुर्माना लगने के बाद वह पुनः अपने मिलावट खोरी के कार्य को जारी रख सकते हैं। मिलावट खोरी का हब संडीला में खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा बिना लाइसेंस के संचालक पर चार लोगों पर 1लाख 15 हज़ार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। संडीला के कलरावां निवासी सुल्तान कादरी पर खोये में मिलावट के चलते ₹30000 का जुर्माना लगाया गया है जबकि सदर तहसील के कोट निवासी आबिद पर दूध में मिलावट के लिए 30000 का जुर्माना शोराकोठी संडीला के मोहम्मद मोइन पर बिना लाइसेंस मीट की दुकान चलाने पर ₹25000 और कलरावां के रफीक पर दूध में मिलावट के लिए ₹30000 का जुर्माना लगाया गया है। सभी को एक माह के अंदर जुर्माना अदा करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

नाम और फोटो को किया जाएगा सार्वजनिक

खाद एवं औषधि विभाग द्वारा खाद्य पदार्थ में मिलावट करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है। इस बाबत शासन ने निर्णय लिया है कि एक से अधिक बार मिलावट की पुष्टि होने पर ऐसे लोगों की फोटो सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की जाएगी। यह जानकारी एडीएम प्रियंका सिंह ने दी है।

एडीएम प्रियंका सिंह ने एफएसएसएआई के सीईओ के साथ हुई बैठक के बाद दी है।प्रियंका सिंह ने कहा कि मिलावट खोरो को सबक सिखाने के लिए अब सिर्फ जुर्माना ही नहीं बल्कि उनकी पहचान भी जनता के बीच उजागर करने की कार्रवाई की जाएगी। एक से अधिक बार मिलावट करने वालों का ब्योरा खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा तैयार किया जा रहा है। जल्दी सार्वजनिक स्थानों पर एक से अधिक बार मिलावट करने वाले दुकानदारों फैक्ट्री संचालकों की फोटो और नाम चस्पा की जाएगी।

1 / 8
Your Score0/ 8
Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story