TRENDING TAGS :
Jhansi News: पति और जेठ को जहर खिलाकर प्रेमी संग फरार हुई महिला गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद
Jhansi News: पुलिस ने उनके पास से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और 3,230 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए प्रेमी-प्रेमिका को जेल भेज दिया गया है।
पति और जेठ को जहर खिलाकर प्रेमी संग फरार हुई महिला गिरफ्तार (photo: social media )
Jhansi News: कोतवाली पुलिस ने एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। इस महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति और जेठ को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। पुलिस ने उनके पास से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और 3,230 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए प्रेमी-प्रेमिका को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) आलोक सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक (झांसी परिक्षेत्र) केशव कुमार चौधरी, और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी उन्हें सूचना मिली कि बड़ागांव गेट बाहर स्थित मैरी रोड पर एक महिला और पुरुष खड़े हैं और भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया और पूछताछ के लिए थाने लाया गया। कड़ी पूछताछ के दौरान उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले में रहने वाले नवल किशोर ने एक लिखित सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके छोटे पुत्र की पत्नी रीना अपने सहयोगी रिंकू के साथ मिलकर 1 जून 2025 को उन्हें और उनके पुत्रों को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखे जेवरात/नकदी चोरी करके भाग गई थी। इस सूचना पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने जांच करते हुए पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम अमरोख निवासी रिंकू और उसकी प्रेमिका रीना (पत्नी यशवंत कुमार), निवासी लाल स्कूल के पीछे नई बस्ती, को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की कान की बाली, एक सोने का मंगलसूत्र, एक मांग टीका सोने का, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया चैन से जुड़ी हुई, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, दो जोड़ी चांदी की बिछिया और एक चांदी का कमरबंद (कुल कीमत करीब 03 लाख रुपये) के साथ 3,230 रुपये नकद बरामद किए गए। अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसपी सिटी ने पुष्टि की कि रीना ने अपने पति यशवंत कुमार और जेठ को जहर खिलाकर प्रेमी के साथ मिलकर जेवरात चोरी किए थे।
इस टीम को मिली सफलता:
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश पाल सिंह, नई बस्ती चौकी प्रभारी नितीश कुमार, महिला उपनिरीक्षक वंदना, आरक्षी राजेश कुमार, कपिल, दीपक खैनवार शामिल रहे।
अन्य अपराधी गतिविधियाँ:
दो बदमाश गिरफ्तार, चोरी के कॉस्मेटिक सामान बरामद: कोतवाली पुलिस ने किले की खाई के पास से भूपेन्द्र प्रजापति (निवासी निमौना खेरा, बरुआसागर) और अमित वर्मा (निवासी सूजे खां खिड़की बाहर डडियापुरा, कोतवाली) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से बिसाती बाजार में स्थित फजल अहमद की कॉस्मेटिक दुकान से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया। इस मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


