Kanpur News: लिव-इन का इश्क़ बना मौत की वजह, फंदे पर लटका युवक, महिला पर हत्या का शक

Kanpur News:25 वर्षीय लखन शुक्ला दिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। बीते दो माह से तलाकशुदा महिला के साथ काकादेव स्थित हॉस्टल में लिव-इन में रह रहा था।

Avanish Kumar
Published on: 24 July 2025 10:58 PM IST (Updated on: 24 July 2025 10:58 PM IST)
Kanpur News: लिव-इन का इश्क़ बना मौत की वजह, फंदे पर लटका युवक, महिला पर हत्या का शक
X

Kanpur News: रावतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। 25 वर्षीय लखन शुक्ला बीते दो माह से तलाकशुदा महिला के साथ काकादेव स्थित हॉस्टल में लिव-इन में रह रहा था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने महिला पर हत्या का आरोप लगाते हुए रावतपुर थाने में तहरीर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।

बर्रा के जरौली फेज-दो निवासी अर्जुन शुक्ला ने बताया कि उनका बेटा लखन मिठाई की दुकान पर उनके साथ काम करता था। छह माह पहले उसकी मुलाकात एक तलाकशुदा महिला से हुई, जो हरदेव नगर की रहने वाली है। उसकी शादी पहले दिल्ली के एक युवक से हुई थी, लेकिन कुछ महीनों बाद वह मायके आकर रहने लगी थी।

परिजनों के अनुसार, दो महीने पहले लखन उस महिला के साथ काकादेव के ओम चौराहा स्थित एक हॉस्टल में किराए पर रहने लगा था। गुरुवार तड़के हॉस्टल में रहने वाले लोगों ने महिला के रोने की आवाजें सुनीं। दरवाजा खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो लोगों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। इस पर महिला ने खुद दरवाजा खोला। अंदर लखन बेड पर औंधे मुंह पड़ा था।

महिला का कहना है कि लखन ने फांसी लगाई थी, जबकि आसपास के लोगों और परिजनों का सवाल है कि जब वह अंदर मौजूद थी तो आत्महत्या कैसे हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर लखन को एलएलआर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता अर्जुन शुक्ला ने आरोप लगाया कि महिला ने उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसाकर आर्थिक शोषण किया। उन्होंने बताया कि लखन दुकान की कमाई महिला पर खर्च करने लगा था और उसने चोरी-छिपे घर के सात लाख रुपये के जेवर भी उसे दे दिए थे।

रावतपुर थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसमें प्रथम दृष्टया आत्महत्या की पुष्टि हुई है। हालांकि, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

1 / 6
Your Score0/ 6
Avanish Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Avanish Kumar

Next Story