Lakhimpur Kheri News: खमरिया क्षेत्र में डूबने से युवक लापता, किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला, और लाखों की चोरी से दहशत

Lakhimpur Kheri News: शारदा नदी के नाले में नहाते समय एक युवक डूब गया, वहीं एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला और एक घर में लाखों की चोरी हो गई।

Sharad Awasthi
Published on: 12 July 2025 7:45 PM IST
Lakhimpur Kheri News: खमरिया क्षेत्र में डूबने से युवक लापता, किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला, और लाखों की चोरी से दहशत
X

खमरिया क्षेत्र में डूबने से युवक लापता, किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला  (photo: social media )

Lakhimpur Kheri News: धौरहरा के खमरिया थाना क्षेत्र में एक ही दिन में तीन बड़ी घटनाएँ सामने आई हैं, जिनसे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शारदा नदी के नाले में नहाते समय एक युवक डूब गया, वहीं एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला और एक घर में लाखों की चोरी हो गई। पुलिस इन सभी मामलों में जांच-पड़ताल कर रही है।

शारदा नदी के नाले में डूबा युवक, तलाश जारी

खमरिया थाना क्षेत्र के चिकनाजती गांव के समीप शारदा नदी से निकले नाले में बसंतापुर गांव का 20 वर्षीय युवक श्यामू पुत्र विकास अपने साथियों संग नहाने गया था। नहाते वक्त वह गहरे पानी में जाकर डूब गया। इसकी जानकारी होते ही पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन नाले के पास पहुँच गए।

सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से श्यामू की तलाश शुरू करवा दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि युवक की युद्ध स्तर पर तलाश की जा रही है और जल्द ही उसके मिलने की संभावना है। खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था, जिससे उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


शौच गई किशोरी का पेड़ से लटका मिला शव, जांच शुरू

खमरिया थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव में शुक्रवार देर शाम शौच के लिए गई एक 16 वर्षीय किशोरी का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ में लटकता हुआ मिला, जिससे सनसनी फैल गई। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, और बगीचे में उसका शव देख चीख निकल गई।

परिजनों ने तत्काल खमरिया पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि घटना की बारीकी से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा।


लाखों की चोरी से इलाके में दहशत

खमरिया थाना क्षेत्र के मोहम्मदापुर गांव में बीती रात चोरों ने छत के रास्ते एक घर में घुसकर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। बेखौफ चोरों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर हल्का पुलिस गश्त पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है। चोर इतने बेखौफ थे कि घर में रखे सामान को पार करने के साथ एक अलमारी (शेफ) उठाकर गांव के बाहर ले गए, जहाँ उसमें रखे सामान को पार कर उसे छोड़कर रफूचक्कर हो गए।

रामनरेश कटियार पुत्र मुनेशवर के घर में उस वक्त चोरी हुई, जब परिवार छत पर सो रहा था। चोरों ने 2 तोला सोने का हार, झाला, मंगलसूत्र, 5 जोड़ी पायल, मांगबेंदी, 2 अंगूठी, एक माला, एक लॉकेट, फूल के बर्तन, चावल की बोरी सहित अन्य सामान पार कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर चोरों का पता लगाने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोरों की खोजबीन शुरू कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा होगा।



1 / 7
Your Score0/ 7
Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story