Lalitpur News: संदिग्धावस्था में बिरधा चौकी इंचार्ज की मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर

Lalitpur News: राहगीरों ने सड़क किनारे खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव देखा, जिसके पास एक बाइक और सरकारी पिस्टल पड़ी हुई थी।

Gaurav kushwaha
Published on: 27 May 2025 3:58 PM IST
lalitpur news
X

lalitpur news

Lalitpur News: जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग को बड़ा झटका लगा है। बिरधा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटनास्थल पर मिला खून से सना शव, बगल में बाइक और पिस्टल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खड़ेरा के पास नेशनल हाईवे-44 पर राहगीरों ने सड़क किनारे खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव देखा, जिसके पास एक बाइक और सरकारी पिस्टल पड़ी हुई थी। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर अजय और कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव की शिनाख्त बिरधा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह के रूप में की।

रात में गश्त के दौरान हुआ हादसा

पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह की मौत की सूचना पर तत्काल मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चौकी स्टाफ ने बताया कि जितेंद्र सिंह रात में नियमित गश्त पर निकले थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर एंगल से हो रही जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। एसपी ने बताया कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके।

छह माह पहले मिली थी बिरधा चौकी की जिम्मेदारी

बताया जा रहा है कि जितेंद्र सिंह पिछले करीब छह माह से बिरधा चौकी प्रभारी के रूप में तैनात थे। अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए वे विभाग में खास पहचान रखते थे। उनके असामयिक निधन से पुलिस महकमे में गहरा शोक है।

शोक में डूबा पुलिस विभाग, अंतिम संस्कार की तैयारी

चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह की मौत की खबर सुनते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पूरे पुलिस विभाग में इस दुखद घटना को लेकर शोक की लहर है। पुलिस कर्मियों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई देने की तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को दिया भरोसा

पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया है कि इस घटना की हर बिंदु से जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

1 / 5
Your Score0/ 5
Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Next Story