Lucknow News: आम महोत्सव के दूसरे दिन अवध शिल्पग्राम में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित

Lucknow News: उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही सबसे पहले आम की विविध प्रजातियों से सजी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

Prashant Vinay Dixit
Published on: 5 July 2025 5:37 PM IST
Lucknow News: आम महोत्सव के दूसरे दिन अवध शिल्पग्राम में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित
X

आम महोत्सव के दूसरे दिन अवध शिल्पग्राम में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक   (photo: Newstrack.com)

Lucknow News: राजधानी लखनऊ स्थित अवध शिल्पग्राम में चल रहे उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025 के दूसरे दिन शनिवार को कार्यक्रम में खास उत्साह देखने को मिला। राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अवसर पर शिरकत की और तकनीकी सत्र का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने आम की खेती में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की।

विविध प्रजातियों से सजी प्रदर्शनी

उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही सबसे पहले आम की विविध प्रजातियों से सजी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, तोतापरी, आम्रपाली, मल्लिका सहित कई स्थानीय और हाइब्रिड किस्मों के आमों की खूबसूरत प्रदर्शनी लगाई गई थी। उन्होंने आम उत्पादकों से बातचीत कर खेती की विधियों, तकनीकी चुनौतियों और बाजार व्यवस्था पर बातचीत की।


तकनीकी सत्र का किया उद्घाटन

इसके बाद तकनीकी सत्र का उद्घाटन करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन में देश में अग्रणी है। सरकार की कोशिश कि बागवानी किसानों को वैज्ञानिक ज्ञान, आधुनिक तकनीक और बाज़ार से जोड़कर आय को दोगुना किया जाए। यह महोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रदेश सरकार आम की गुणवत्ता, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चला रही है।


किसान स्मृति चिन्ह से सम्मानित

इसके तहत कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं, किसान प्रशिक्षण, और वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने आम की खेती में नवाचार व उत्कृष्ट उत्पादन के लिए चयनित किसानों को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने आगे कहा इन किसानों ने कम संसाधनों में नई तकनीकों को अपनाकर न केवल अपनी आजीविका को सशक्त किया है, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा भी बने हैं।


उपभोक्ताओं को जोड़ने का प्रयास

कार्यक्रम में अनेक जिलों से आए आम उत्पादकों, कृषि उद्यमियों, वैज्ञानिकों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की भागीदारी रही। अंत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से किसानों और उपभोक्ताओं को जोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे परंपरागत खेती के साथ वैज्ञानिक सोच को जोड़ें ताकि उनकी मेहनत का सही मूल्य उन्हें प्राप्त हो सके।



1 / 6
Your Score0/ 6
Prashant Vinay Dixit
ABOUT THE AUTHOR

Prashant Vinay Dixit

Prashant Vinay Dixit is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story