लखनऊ नगर निगम में रिश्वतखोरी करने वाले बाबू पर एक्शन, जोन 1 से हटाया गया, म्यूटेशन के लिए 50 हजार थे मांगे

Lucknow News: नगर निगम जोन-1 में तैनात बाबू मनोज कुमार आनंद का वीडियो वायरल हुआ था। उसमें म्यूटेशन की फाइल निपटाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया था। इस मामले में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबू को मुख्यालय से अटैच कर दिया है।

Prashant Vinay Dixit
Published on: 21 July 2025 7:09 PM IST
Lucknow Municipal Corporation
X

लखनऊ नगर निगम में रिश्वतखोरी (फोटो: सोशल मीडिया) 

Lucknow News: लखनऊ नगर निगम जोन-1 में तैनात बाबू मनोज कुमार आनंद का एक वीडियो वायरल होने के 3 दिन बाद प्रशासन हरकत में आया है। उस वायरल वीडियो में मनोज आनंद द्वारा म्यूटेशन की फाइल निपटाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया है। इस मामले में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबू को मुख्यालय से अटैच कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

म्यूटेशन फाइल के लिए मांगे गए थे पैसे

आरोप के अनुसार रामपाल अधिकारी मार्ग निवासी ऊषा दीक्षित और आशा दीक्षित द्वारा उनके भवन का म्यूटेशन प्रभाकर त्रिपाठी के नाम पर कराने के लिए 19 जून 2025 को आवेदन किया गया था। यह फाइल जोन-1 के बाबू मनोज आनंद को सौंपी गई थी, जिन्होंने फाइल तेजी से पास करने के लिए कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग की। जिसका किसी ने विडियो बना लिया था।

वीडियो वायरल होते ही जांच शुरू

वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य कर मूल्यांकन अधिकारी (CTAO) अशोक सिंह ने जोनल अधिकारी ओपी सिंह से तत्काल रिपोर्ट मांगी थी। उसकी प्राथमिक जांच में मनोज आनंद प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। इसके बाद सीटीएओ ने नगर आयुक्त को कार्रवाई की संस्तुति भेजी थी, जिसपर त्वरित निर्णय लेते हुए मनोज को पद से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया गया।

कर्मचारियों की जवाबदेही प्राथमिकता

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में कोई भी कर्मचारी बख्शा नहीं जाएगा। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि प्रशासन की छवि को धूमिल करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह घटना एक बार फिर नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। अब देखना यह होगा कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद में क्या निष्कर्ष निकलता है।

1 / 7
Your Score0/ 7
Prashant Vinay Dixit
ABOUT THE AUTHOR

Prashant Vinay Dixit

Prashant Vinay Dixit is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story