TRENDING TAGS :
Mahoba News: शादी के 24 दिन बाद नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
Mahoba News: बुद्धविलास का शव सड़क किनारे पड़ा मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शादी के 24 दिन बाद नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत (photo: social media )
Mahoba News: महोबा में शादी के महज 24 दिन बाद एक नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी के हाथों की मेहंदी भी अभी पूरी तरह से नहीं छूटी थी कि अचानक उसका सुहाग उजड़ गया। यह दिल दहला देने वाली घटना महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र की है।
बताया जाता है कि बांदा जनपद के अरबई गांव निवासी 25 वर्षीय बुद्धविलास उर्फ बउआ पुत्र राजू पाल का विवाह 2 जून को हुआ था। गुरुवार को वह बाइक से कबरई में अपने एक रिश्तेदार को छोड़कर वापस लौट रहा था, तभी कानपुर-सागर हाईवे 86 पर खनिज बैरियर के पास ट्रक ने उसे बुरी तरह रौंद दिया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बुद्धविलास का शव सड़क किनारे पड़ा मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पति की मौत की खबर सुनते ही नई नवेली दुल्हन बेसुध होकर गिर पड़ी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चंद दिन पहले जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।


