TRENDING TAGS :
Mathura News: ब्रजरज उत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ, ब्रज संस्कृति के रंगों में सराबोर हुई मथुरा
Mathura News: मथुरा में ब्रज संस्कृति, संगीत, कला और परंपराओं का अनूठा संगम “ब्रजरज उत्सव 2025” का भव्य शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह और सांसद हेमा मालिनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
Mathura News
Mathura News: मथुरा में ब्रज संस्कृति, संगीत, कला और परंपराओं का अनूठा संगम ब्रजरज उत्सव 2025 का शुभारंभ आज धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह व मथुरा की सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा किया गया। इस दौरान मंच और पंडालों को ब्रज की परंपरागत झांकियों व मनमोहक सजावट से जगमगाया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि मनुष्य का जीवन संगीत के बिना अधूरा है। संगीत जीवन में आनंद भरता है और ब्रज की धरा पर संगीत व नृत्य का अद्भुत मेल सदियों से देखने को मिलता रहा है। यही कारण है कि ब्रजरज उत्सव उत्तरी भारत का एक प्रतिष्ठित आयोजन बन चुका है, जिसमें ब्रज की समस्त कला विधाओं का प्रदर्शन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ब्रज में यह मान्यता है कि दिवाली के बाद प्रभु श्रीराम का स्वागत जिस उल्लास के साथ होता है, उसी भांति भगवान श्रीकृष्ण की रज में मिलन के भाव से यह उत्सव मनाया जाता है। देशभर के कलाकार यहां अपनी प्रतिभा प्रस्तुत कर ब्रज की परंपराओं को जन-जन तक पहुँचाते हैं। जिसे देख पूरा ब्रज आनंद विभोर हो उठता है।कैबिनेट मंत्री ने सांसद हेमा मालिनी की सराहना करते हुए कहा कि वह एक बड़ी कलाकार होने के साथ-साथ ब्रज की संस्कृति को आत्मसात कर उसे विश्व पटल पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने स्वयं को सौभाग्यशाली बताया कि उन्हें मथुरा की पावन भूमि की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। यहां आने वाला हर जनप्रतिनिधि और अतिथि अपने आपको सौभाग्यशाली मानता है, क्योंकि यह भूमि स्वयं श्रीकृष्ण की लीला स्थली है।कार्यक्रम में वीआईपी और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। एसएसपी और डीएम ने स्वयं व्यवस्था की निगरानी की, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो सके। आकर्षक रोशनी, मंच की सुन्दर सजावट और पारंपरिक ब्रज वेशभूषा में प्रस्तुत कलाकारों ने उत्सव की शोभा को और अधिक विराट बना दिया। कार्यक्रम के दौरान ब्रजवासी उत्साह और श्रद्धा के साथ राधे-राधे के जयकारे लगाते दिखाई दिए।


