TRENDING TAGS :
Mathura News: सांप काटने से 17 वर्षीय तन्नू की मौत, 15 दिन में दूसरी बार हुआ हमला
Mathura News: कृष्णा पुरम कॉलोनी में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय किशोरी तन्नू अग्रवाल पुत्री प्रेमचंद अग्रवाल की सांप काटने से मौत हो गई।
Mathura News
Mathura News: मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र की कृष्णा पुरम कॉलोनी में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय किशोरी तन्नू अग्रवाल पुत्री प्रेमचंद अग्रवाल की सांप काटने से मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब वह सोमवार को शिव पूजा के लिए धतूरा तोड़ने घर के पास एक खाली प्लॉट में गई थी।
परिजनों ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले भी तन्नू को नरसी बिहार कॉलोनी में एक सांप ने काट लिया था। उस समय परिजनों ने डॉक्टर और देसी इलाज दोनों की मदद से सांप के जहर का पूरा इलाज करवा लिया था, और तन्नू ठीक हो गई थी।
हालांकि, आज 20 जुलाई को, जब तन्नू धतूरा तोड़ने गई, तो उसे दोबारा एक सांप ने काट लिया। उसने तुरंत अपने माता-पिता, प्रेमचंद अग्रवाल, को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसके पिता ने उसे तत्काल इमरजेंसी न्यूरो अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। लेकिन, इलाज के दौरान तन्नू अग्रवाल ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार और कृष्णा पुरम कॉलोनी में मातम छा गया है। दो बार सांप काटने की यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना स्थानीय लोगों के बीच चिंता का विषय बन गई है।


