वृंदावन: यमुना जलस्तर बढ़ने से घाट जलमग्न, प्रशासन सतर्क

वृंदावन में यमुना का जलस्तर बढ़ने से घाटों पर पानी भर गया। परिक्रमार्थी और श्रद्धालु परेशान, जिलाधिकारी ने हालात का जायजा लेकर अलर्ट जारी किया।

Amit Sharma
Published on: 19 Aug 2025 7:43 PM IST
X

वृंदावन। यमुना नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी का असर अब धर्मनगरी वृंदावन में साफ दिखाई देने लगा है। सामान्य दिनों में घाटों से दूर बहने वाली यमुना अब घाटों तक पहुंच गई है और लहरें मार रही है। बढ़ते जलस्तर के कारण भ्रमर घाट से आगे केशीघाट तक परिक्रमा मार्ग पर भी पानी भरने लगा है। यहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

केशीघाट की आधा दर्जन से ज्यादा सीढ़ियां पूरी तरह से जलमग्न हो चुकी हैं।हालांकि यमुना का बढ़ा जलस्तर एक ओर देखने में आकर्षक लग रहा है, लेकिन दूसरी ओर लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। खासकर रिहायशी इलाकों में पानी घुसने का डर बना हुआ है। इससे स्थानीय निवासियों की धड़कनें तेज हो गई हैं और वे प्रशासन की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह स्वयं केशीघाट पहुंचे। उन्होंने मौके पर हालात देखे और अधिकारियों के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले कई घंटों से यमुना का जलस्तर स्थिर है। इसके अलावा पिछले कुछ दिनों से बारिश भी नहीं हुई है और पीछे के क्षेत्रों से भी जलस्तर में कमी आ रही है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उनका कहना है कि अगले 10 से 12 घंटों में पानी उतरना शुरू हो जाएगा। जिन किसानों की फसलें डूब गई हैं, उनका सर्वे कराया जा रहा है और उन्हें मुआवजा दिलाने की कार्रवाई होगी। साथ ही राहत सामग्री, भोजन और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी कर ली गई है, ताकि किसी को दिक्कत न हो।

1 / 7
Your Score0/ 7
Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story