Meerut News: सीसीएसयू बैठक में बड़ा फैसला, 47 शोधार्थियों को उपाधि, नए कैंपस को जमीन प्रस्तावित

Meerut News: सीसीएसयू में 47 शोधार्थियों को उपाधि, नए कैंपस को 100 एकड़ जमीन का प्रस्ताव।

Sushil Kumar
Published on: 3 Sept 2025 6:33 PM IST
Meerut News: सीसीएसयू बैठक में बड़ा फैसला, 47 शोधार्थियों को उपाधि, नए कैंपस को जमीन प्रस्तावित
X

सीसीएसयू बैठक में बड़ा फैसला, 47 शोधार्थियों को उपाधि, नए कैंपस को जमीन प्रस्तावित  (photo: social media )

Meerut News: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में बुधवार को कुलपति कार्यालय स्थित सेमिनार हॉल में कार्य परिषद की बैठक ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और सर्वसम्मति से अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में 47 शोध छात्रों को शोध उपाधि प्रदान करने का निर्णय लिया गया। लंबे समय से शोध कार्य पूरा कर चुके छात्रों के लिए यह बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं, विश्वविद्यालय के विकास और विस्तार को लेकर कार्य परिषद ने एक और बड़ा फैसला लिया। परिषद ने सीसीएसयू का एक नया कैंपस खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके लिए शासन से 100 एकड़ भूमि आवंटन की मांग की जाएगी। इस दौरान परिषद सदस्य एवं एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने आश्वासन दिया कि वह शासन स्तर पर इस प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने के लिए प्रयास करेंगे।

बैठक में विश्वविद्यालय के 37वें दीक्षांत समारोह को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें तय हुआ कि कुलाधिपति स्वर्ण पदक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में चक्रानुक्रम के आधार पर कृषि संकाय को दिया जाएगा। वहीं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक विश्वविद्यालय परिसर के इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संकाय को प्रदान किया जाएगा। यह निर्णय विश्वविद्यालय में शैक्षिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

प्रदर्शनी लगाने और कलाकृतियों की बिक्री करने की अनुमति

इसके अलावा ललित कला विभाग की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए उसे प्रदर्शनी लगाने और कलाकृतियों की बिक्री करने की अनुमति दी गई। विभाग को अपनी आय और व्यय का विस्तृत विवरण समय-समय पर विश्वविद्यालय प्रशासन को देना होगा। यह कदम विभाग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

बैठक में प्रति कुलपति प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य, कार्य परिषद सदस्य एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. अतवीर सिंह, प्रो. राकेश कुमार शर्मा, प्रो. ए.वी. कौर, प्रो. रविंद्र कुमार, डॉ. असलम जमशेदपुरी, डॉ. यशवेंद्र वर्मा, डॉ. नाजिया तरन्नुम, डिप्टी रजिस्ट्रार सत्य प्रकाश और मीडिया सेल सदस्य मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि नए कैंपस की स्थापना से न केवल छात्रों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के और अधिक अवसर उपलब्ध होंगे। वहीं, ललित कला विभाग की प्रदर्शनी और बिक्री से विश्वविद्यालय में कला और संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। इन निर्णयों से सीसीएसयू के विकास की नई दिशा तय होने की संभावना है।

1 / 7
Your Score0/ 7
Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story