TRENDING TAGS :
Meerut News: औघड़नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब
Meerut News: आगामी 23 जुलाई को औघड़नाथ मंदिर में संभावित भीड़ और भक्तों की भारी आवाजाही को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के सिंह मेरठ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.विपिन तांडा ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
Meerut News: श्रावण मास की महाशिवरात्रि और कांवड़ जलाभिषेक पर्व को लेकर मेरठ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ चुका है। आगामी 23 जुलाई को औघड़नाथ मंदिर में संभावित भीड़ और भक्तों की भारी आवाजाही को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के सिंह मेरठ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.विपिन तांडा ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान औघड़नाथ मंदिर परिसर में अस्थायी थाना और कंट्रोल रूम की स्थापना की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पीएसी, ट्रैफिक पुलिस, एटीएस, इंटेलिजेंस यूनिट, महिला पुलिस, ड्रोन यूनिट और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों और हाई-टेक सीसीटीवी के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसी भी अवांछनीय गतिविधि या भीड़ प्रबंधन में अवरोध की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। सभी प्रमुख मार्गों, प्रवेश और निकास स्थलों पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। एसएसपी मेरठ ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए।
प्रशासन की तरफ से साफ संदेश दिया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, धक्का-मुक्की या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से अपील
मेरठ पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सहनशीलता, सहयोग और शांति बनाए रखें और किसी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पूजा, दर्शन और जलाभिषेक की समस्त प्रक्रिया सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, ताकि भक्तों की आस्था पर कोई आंच न आए। औघड़नाथ मंदिर में इस बार महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी की संभावना जताई जा रही है।


