TRENDING TAGS :
Raebareli News: मॉब लिंचिंग पीड़ित के परिवार से मिले मंत्री, 13.54 लाख की आर्थिक सहायता दी
Raebareli News: हरिओम मॉब लिंचिंग मामले में सरकार ने परिवार को 13.54 लाख की सहायता दी, मंत्री असीम अरुण-राकेश सचान ने चेक सौंपा
हरिओम के परिवार को सरकार ने दी 13.54 लाख की मदद, मंत्री पहुंचे घर (photo: social media )
Raebareli News: ऊँचाहार थाना क्षेत्र में बीते 1 अक्टूबर को 'चोर' समझकर भीड़ द्वारा पीट-पीट कर मारे गए हरिओम के पीड़ित परिवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है। सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर प्रभारी मंत्री राकेश सचान और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने आज मृतक के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की।
मंत्रियों ने हरिओम के पिता गंगादीन को 6 लाख 62 हज़ार और उनकी पत्नी पिंकी को 6 लाख 92 हज़ार की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने परिवार को यह आश्वासन दिया कि "सरकार उनके साथ खड़ी है।"
अफवाहबाजों पर कार्रवाई की चेतावनी
इस मौके पर समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने प्रदेश भर में चोर और ड्रोन की अफवाह फैलाने वाले तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस घटना को जातिगत रंग देने की कोशिश करने वालों को भी आड़े हाथों लिया और स्पष्ट किया कि यह घटना पूर्व नियोजित नहीं थी और गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भी दलित शामिल हैं।
12 आरोपी गिरफ्तार, 9 की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में गोली लगने के बाद पकड़ा गया। कुल 21 चिन्हित आरोपियों में से अभी भी 9 लोगों की तलाश जारी है।
इधर, मृतक की पत्नी पिंकी ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद कहा है। आर्थिक सहायता मिलने और सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद, पीड़ित परिवार ऊँचाहार विधायक मनोज पाण्डेय के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ के लिए रवाना हो गया है।


