TRENDING TAGS :
Sambhal News: कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल, गुस्साए कांवड़ियों ने किया जाम
Sambhal News: करीब 30 बाइक सवार कांवड़िए संभल से हरिद्वार जल भरने के लिए जा रहे थे। जैसे ही इनका जत्था मातीपुर पहुँचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने इन्हें टक्कर मार दी।
कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर (photo: social media )
Sambhal News: संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। यह घटना मातीपुर गांव के पास हुई, जहाँ एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, करीब 30 बाइक सवार कांवड़िए संभल से हरिद्वार जल भरने के लिए जा रहे थे। जैसे ही इनका जत्था मातीपुर पहुँचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने इन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार कांवड़िए सड़क पर गिर पड़े, जिनमें एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
इस घटना से गुस्साए कांवड़ियों ने रोड पर जाम लगा दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कांवड़ियों का कहना है कि करीब 45 मिनट तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुँची, जिससे घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल सका।
इस बीच, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायल कांवड़ियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर लोगों को शांत कराया और यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। यह घटना कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है।


