TRENDING TAGS :
Shravasti News: श्रावस्ती में 9 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य
Shravasti News: श्रावस्ती में जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और डीएम ने 09 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
Shravasti News
Shravasti News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित जिले के 09 अनुदेशकों को रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, विधायक रामफेरन पाण्डेय, डीएम अजय कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बेहतर शिक्षा देकर युवाओं को सशक्त बनाने की अपेक्षा भी की।
बता दें कि प्रदेश भर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के लिए चयनित 1510 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह रविवार को लखनऊ के लोक भवन में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न व्यवसायों में उत्तर प्रदेश भर के चयनित 1510 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसी कार्यक्रम के तहत रविवार को श्रावस्ती के कलेक्ट्रेट सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।चयनित अभ्यर्थियों में क्रमशः जय सिंह यादव, विशाल, अमरनाथ यादव, राम सिंह राणा, राजकुमार यादव, सुरेंद्र सिंह यादव, संजय वर्मा, संतोष कुमार यादव एवं कैलाश चन्द्र मौर्य शामिल थे, जिन्हें रविवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक और मील का पत्थर साबित होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया अपनाकर रोज़गार से जोड़ा जा रहा है।वहीं विधायक ने भी अपने संबोधन में अनुदेशकों को उनके नए करियर के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि हर युवा को रोजगार दिलाना ही प्रदेश सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है, जिससे योग्य उम्मीदवारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
इस अवसर पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने अनुदेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि अनुदेशक न केवल बच्चों को पढ़ाएंगे, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को उद्योगों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए, जिसके तहत आज यह नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है।इस अवसर पर आशुतोष पाण्डेय, प्रधानाचार्य आईटीआई, जिला समन्वयक राजकुमार त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


