TRENDING TAGS :
सिद्धार्थनगर में दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान, 15 नमूने संग्रहित
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में दीपावली के मद्देनज़र मिलावटी खाद्य पदार्थों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 15 नमूने जांच को भेजे गए, 5 किलो मिठाई नष्ट कराई।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी डाक्टर राजा गणपति आर के आदेश के क्रम में दीपावली पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने हेतु विशेष छापामार अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर. एल. यादव के निर्देशन में संचालित हुआ।
की जाएगी कार्यवाही
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न बाजारों में खाद्य पदार्थों की जांच की। बांसी क्षेत्र से 01 खोवा और 01 दूध का नमूना, अलीगढ़वा बाजार से 01 सरसों तेल, 01 बादाम, 01 बूंदी लड्डू व 01 बर्फी का नमूना लिया गया। बर्डपुर बाजार से 01 पनीर और 01 सरसों तेल का नमूना संग्रहित किया गया तथा 30 किलोग्राम सरसों तेल मानक के अनुरूप न पाए जाने पर सीज कर दिया गया। इसके अलावा सकारपार, बांसी से 01 दूध और 01 बर्फी, पकड़ी से 01 खोवा, सनई चौराहा से 01 पेड़ा व 01 बर्फी तथा नौगढ़ बाजार से 02 छेना मिठाई के नमूने लिए गए। इस प्रकार कुल 15 नमूने एकत्र कर जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
5 किलोग्राम मिठाई कराई गई नष्ट
साथ ही, फूड सेफ्टी ऑन व्हील वाहन द्वारा नौगढ़ बाजार में मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिसमें दो छेना मिठाई मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उनका नमूना लिया गया और 05 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई। टीम ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता व मानक नियमों का पालन करने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने की चेतावनी दी। अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर. एल. यादव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल, नीरज कुमार चौधरी, जय प्रकाश एवं रंजन कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।


