TRENDING TAGS :
Sonbhadra 50 लाख खर्च… फिर भी कीचड़ से होकर अर्घ्य देंगे श्रद्धालु! कुरदहवा छठ घाट की दुर्दशा उजागर
Sonbhadra News : सोनभद्र के कुरदहवा छठ घाट पर 50 लाख खर्च के बाद भी कीचड़ और गंदगी का आलम, श्रद्धालु नाराज, सफाई अधूरी।
Sonbhadra Chhath Ghat
Sonbhadra News : सूर्योपासना का महापर्व छठ नजदीक है, लेकिन श्रद्धा के इस पर्व की तैयारियों पर गंदगी का साया पड़ गया है। डाला नगर पंचायत क्षेत्र के कुरदहवा नाला छठ घाट और काली मंदिर घाट की स्थिति देखकर श्रद्धालु मायूस हैं। साफ-सुथरे जल में अर्घ्य देने की बजाय उन्हें कीचड़युक्त दलदल और बदबूदार पानी में उतरना पड़ सकता है।
कुरदहवा घाट पर चारों ओर कीचड़, फिसलन और सड़ांध फैली है। श्रद्धालुओं का कहना है कि पानी में टूटे शीशे, कीलें और नुकीली चीजें पड़ी हैं, जो दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। वहीं काली मंदिर घाट का हाल भी कुछ अलग नहीं — आधी जगह पर सफाई हुई, तो आधी जगह बेहया की झाड़ियों और कचरे से पट गई है।
नई बस्ती, मलिन बस्ती, बारी, पतेरा टोला समेत कई इलाकों से छठ पर्व पर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। लेकिन नाले में पानी कम और बदबू ज्यादा होने से श्रद्धालु दोहरी मुश्किल में हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत को सफाई व्यवस्था पहले ही दुरुस्त करनी चाहिए थी, पर अब भी काम अधूरा है।
EO बोले — “सफाई जारी है, इस बार बेहतर व्यवस्था”
डाला नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि “कुरदहवा छठ घाट नाले पर है, फिर भी हम इस बार अन्य वर्षों की तुलना में बेहतर व्यवस्था कर रहे हैं। कीचड़ और कचरा हटाने का काम जारी है।”
पचास लाख खर्च… लेकिन परिणाम निराशाजनक
बीते छह वर्षों में छठ घाट के निर्माण और सुंदरीकरण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वर्ष 2019 में ग्राम पंचायत ने 18 लाख रुपये, और बाद में नगर पंचायत ने लगभग 30 लाख रुपये लगाए। इसके बावजूद घाट की दशा जस की तस है। आठ माह पहले हुए खर्च में अनियमितता की शिकायतें भी जांच की प्रतीक्षा में हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से अपील की है कि छठ की आस्था को ठेस न पहुंचे और श्रद्धालुओं को कीचड़ नहीं, स्वच्छता का अर्घ्य चढ़ाने का अवसर मिले।


