Sonbhadra News: जनजातीय गौरव दिवस पर आ सकते हैं सीएम योगी, तैयारियों में जुटा प्रशासन

Sonbhadra News: जनजातीय गौरव दिवस पर सीएम योगी के संभावित आगमन को लेकर सोनभद्र में तैयारियां तेज, प्रशासन ने कमर कसी

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 23 Oct 2025 5:47 PM IST
Sonbhadra News: जनजातीय गौरव दिवस पर आ सकते हैं सीएम योगी, तैयारियों में जुटा प्रशासन
X

Sonbhadra News: जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन की खबर से प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस को लेकर जिले में तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। प्रशासनिक अमले से लेकर जनप्रतिनिधि तक कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थल ओबरा विधानसभा क्षेत्र के चोपन रेलवे खेल मैदान और रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज का निरीक्षण समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। निरीक्षण के दौरान तैयारियों का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राज्य मंत्री संजीव गौड़ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सोनभद्र आगमन जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल जनजातीय समाज के सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश भी देगा।

कार्यक्रम स्थल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं

डीएम बद्रीनाथ सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम स्थल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। हेलीपैड, पार्किंग, मंच, और सभा स्थल की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। उन्होंने हर विभाग को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस, नगर पंचायत, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा, पार्किंग, जनसुविधा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले में जनजातीय क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा और नई योजनाओं के शिलान्यास से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल प्रशासन और भाजपा संगठन पूरी तैयारी में जुट गए हैं ताकि मुख्यमंत्री का संभावित दौरा सोनभद्र के लिए ऐतिहासिक बन सके।

1 / 6
Your Score0/ 6
Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story