TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: करंट से मासूम सहित दो की मौत, एक की रास्ते पर गिरे तार, दूसरे की छत पर खींचे तार की चपेट में आकर गई जान
Sonbhadra News: मासूम की मौत को लेकर ग्रामीणों में खासी नाराजगी बनी रही। रास्ते पर टूट कर गिरे तार को लेकर बिजली महकमे के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाती रही।
करंट से मासूम सहित दो की मौत (photo: social media )
Sonbhadra News: जिले में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आकर मासूम सहित दो की मौत हो गई। मासूम जहां खेलते वक्त रास्ते पर टूट कर गिरे तार की चपेट में आ गई। वहीं, छत पर कपड़ा सुखाने के लिए खींचे गए तार में उतरे करंट ने श्रमिक की जान ले ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत को लेकर ग्रामीणों में खासी नाराजगी बनी रही। रास्ते पर टूट कर गिरे तार को लेकर बिजली महकमे के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाती रही।
बताया जा रहा है कि दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मलदेवा गांव में सोमवार की सुबह कई बच्चे खेल रहे थे । इस दौरान वहां केबल का सपोर्टिंग (जीआई) तार टूट कर गिरा पड़ा था। तार को रास्ते में गिरा देख बच्चे उसे हटाने के लिए आगे बढ़े। सबसे पहले अमन ने उसे आगे बढ़कर पकड़ा। जैसे ही उसने तार टच किया। वह करंट की चपेट में आ गया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने 7 वर्षीय अमन को तार से अलग किया। गंभीर रूप से झुलसे हालत में उसे उपचार के लिए, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया
दूसरी घटना शक्तिनगर थाना क्षेत्र के चिल्काडांड़ में हुई। बताया गया कि विजेंद्र बियार 32 वर्ष पुत्र स्व. शिवमंगल मध्य प्रदेश के सिंगरौली का रहने वाला था। इन दिनों वह शक्तिनगर थाना क्षेत्र में कोयला लोडिंग में मजदूरी का काम कर रहा था। सोमवार को वह कपड़ा सुखाने के लिए छत पर गया हुआ था, जैसे ही वह कपड़ा सुखाने के लिए खींचे गए तार को टच किया, तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया। जब तक उसे बचाया जाता तब तक करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर कोहराम की स्थिति बनी रही।


