Unnao News: "कार्यकर्ताओं ने हमारा गौरव बढ़ाया, हम उनका गौरव बढ़ा रहे" - सांसद साक्षी महाराज

Unnao News: सांसद साक्षी महाराज ने अभिनंदन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "कार्यकर्ताओं ने हमारा गौरव बढ़ाया, हम कार्यकर्ताओं का गौरव बढ़ा रहे।

Shaban Malik
Published on: 20 July 2025 8:01 PM IST
Workers raised our pride, we are raising their pride - MP Sakshi Maharaj
X

 "कार्यकर्ताओं ने हमारा गौरव बढ़ाया, हम उनका गौरव बढ़ा रहे" - सांसद साक्षी महाराज (Photo- Newstrack)

Unnao News: उन्नाव, उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय उन्नाव में आज एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने अपनी सांसद निधि से लगवाए गए वाटर कूलर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा सांसद का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष, विधायक पंकज गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

सांसद साक्षी महाराज ने अभिनंदन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "कार्यकर्ताओं ने हमारा गौरव बढ़ाया, हम कार्यकर्ताओं का गौरव बढ़ा रहे। आपने हमें सांसद बनाया, हम जनहित के लिए कार्य कर रहे।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सशक्त होने का भी जिक्र किया और कहा कि श्रीनगर और कटरा में रेलवे का परिचालन पूरी सुरक्षा के साथ हो रहा है।

सांसद ने आगे कहा कि प्रदेश के एक नेता, जो मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखते हैं, उन्होंने चुनौती देते हुए कहा है कि "बीजेपी के बूथ का भूत उतार देंगे।" इस पर साक्षी महाराज ने भाजपा कार्यकर्ताओं से इस चुनौती को स्वीकार करने और अभी से काम पर लगने का आह्वान किया, ताकि 2027 के चुनावों में उनका भूत उतार दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सबसे ज्यादा मेहनत करते हैं।

जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने सांसद की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा विकास और जनसेवा के अनेक कार्य किए जाते हैं, और इसी कड़ी में यह प्याऊ भी जुड़ गया है। उन्होंने बताया कि इस प्याऊ से गर्मी में काम करने वाले मजदूर, दूर-दूर से भाजपा कार्यालय आने वाले कार्यकर्ता और आम लोग लाभान्वित होंगे। विधायक सदर पंकज गुप्ता ने भी साक्षी महाराज के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कारण जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से सबसे अधिक सड़कें बनी हैं, जिले में सबसे ज्यादा रेलवे अंडरपास बने हैं, और उनके नेतृत्व में उन्नाव सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला जिला बन रहा है।

इससे पूर्व, कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं द्वारा सांसद साक्षी महाराज का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संयोजन जिला कोषाध्यक्ष मनीष जायसवाल ने किया और संचालन जिला महामंत्री आशीष बाजपेई अटल ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राम चंद्र वर्मा, विधायक सदर पंकज गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह, जिला महामंत्री आशीष बाजपेई अटल, प्रवीण सिंह, नूतन, जिला उपाध्यक्ष विमला कुरील, अनिल कुशवाहा, कृष्ण कुमार वर्मा, मनीष जायसवाल, नगर अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, अमितेश सिंह, नंदू आदि सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

1 / 6
Your Score0/ 6
Shaban Malik
ABOUT THE AUTHOR

Shaban Malik

Next Story