शिक्षा का उद्देश्य राष्ट्र व चरित्र निर्माण... सीएम धामी ने स्कूल के वार्षिकोत्सव का किया शुभारंभ

Uttarakhand News: सीएम धामी ने सोल ऑफ इंडियन कल्चर थीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सभी संस्कृतियों की जननी है, शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिए सरकार निरंतर कार्यरत है।

Newstrack Network
Published on: 13 Nov 2025 6:21 PM IST
शिक्षा का उद्देश्य राष्ट्र व चरित्र निर्माण... सीएम धामी ने स्कूल के वार्षिकोत्सव का किया शुभारंभ
X

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ढालवाला स्थित ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल के 12वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्कूल प्रबंधन, अध्यापकगणों एवं विद्यार्थियों को वार्षिकोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारे भविष्य के कर्णधार हैं, जो आने वाले समय में अपने माता-पिता, गुरुजनों, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि अनुशासन, संस्कार और सेवाभाव की भावना से भी जोड़ा जाना आवश्यक है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण और मानव उत्थान का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के वार्षिकोत्सव की थीम सोल ऑफ इंडियन कल्चर भारतीय संस्कृति की आत्मा को अभिव्यक्त करती है, यह अपने आप में अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति सभी संस्कृतियों की जननी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपने गौरवशाली अतीत से जुड़ते हुए नए भारत का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत सभी क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। बच्चे आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के साथ-साथ योग, संस्कार और सादगी के महत्व को भी समझ रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू किया।

सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, युवाओं को रोजगार के अवसर देने और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके तहत कई औद्योगिक संस्थानों के साथ समझौते किए गए हैं और प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महिला समूहों के उत्पादों की अहम भूमिका है।

उस ऑफ हिमालयाज जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से छोटे-छोटे समूहों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, स्कूल के चेयरमैन मोहन डंग, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

1 / 4
Your Score0/ 4
Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story