TRENDING TAGS :
इस्लामी देश मालदीव पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने किया भव्य स्वागत
PM Modi Visit Maldives: ब्रिटेन के बाद पीएम मोदी अब मालदीव पहुंच गए हैं।
PM Modi Visit Maldives
PM Modi Visit Maldives: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन यात्रा के बाद आज सीधे मालदीव पहुंच चुके हैं। राजधानी माले एयरपोर्ट पर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस स्वागत समारोह में रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री, वित्त मंत्री और आंतरिक सुरक्षा मंत्री जैसे उच्च पदस्थ अधिकारी भी मौजूद थे।
पीएम मोदी की मालदीव की यह यात्रा काफी खास है क्योंकि मुइज्जू के राष्ट्रपति बनने के बाद यह किसी भी राष्ट्राध्यक्ष की पहली मालदीव यात्रा है।
भारतीय समुदाय में दिखा उत्साह
पीएम मोदी की मालदीव यात्रा को लेकर वहां रहने वाला भारतीय समुदाय काफी उत्साहित नजर आया। लंबे समय से मालदीव में बसे भारतीयों ने इस दौरे को गर्व का विषय बताया।
एक प्रवासी भारतीय नागरिक ने कहा, "मैं पिछले 24 सालों से मालदीव में रह रहा हूं। मेरे लिए यह देश अब दूसरे घर जैसा हो गया है। आज प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने का मौका मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।"
एक अन्य ने कहा, "हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर और भारत में हो रहे तेज विकास ने पूरे विश्व में भारत की छवि मजबूत की है।"
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि
पीएम मोदी 26 जुलाई को मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे, जो दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को दिखाता है। हालांकि, राष्ट्रपति मुइज्जू के सत्ता में आने के बाद भारत और मालदीव के संबंधों में थोड़ी खटास आ गई थी। उन्होंने चुनाव के दौरान 'इंडिया आउट' अभियान चलाया था और बाद में भारतीय सेना को मालदीव से हटाने का फैसला लिया था। इसके अलावा उन्होंने अपनी पहली विदेश यात्रा चीन की की, जिससे मालदीव की चीन से नजदीकी बढ़ गई। इन सभी घटनाओं के बीच पीएम मोदी की यह यात्रा अब दोनों देशों के बीच भरोसे को फिर से मजबूत करने का प्रयास मानी जा रही है। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर सहयोग को बढ़ाना है। अक्टूबर 2024 में हुई बातचीत के बाद भारत और मालदीव ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर भी काम शुरू किया है।


