परदे का ही-मैन, दिलों का इंसान, धर्मेंद्र एक अमर जीवनकथा

धर्मेंद्र के निधन ने भारतीय सिनेमा का वह अध्याय बंद कर दिया, जिसमें सादगी, संवेदनशीलता और स्टारडम एक साथ जीवंत थे

Shreedhar Agnihotri
Published on: 24 Nov 2025 10:47 PM IST
Dharmendra
X

Dharmendra (Photo_ Social Media)

हिंदी सिनेमा के आसमान में एक और उजाला डूब गया। परदे पर अपने सादगी भरे व्यक्तित्व, ज़मीन से जुड़े स्वभाव और दिल से निकलने वाली मुस्कान से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। यह खबर न केवल बॉलीवुड के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक गहरा भावनात्मक झटका है। क्योंकि धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे,वह भारतीय समाज की कल्पना, भावनाओं और मूल्यों का वह दर्पण थे, जिसमें हम सभी कहीं न कहीं स्वयं को देखते थे।

धर्मेंद्र का जाना मानो भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। यह वह युग था, जब सितारे सिर्फ कैमरे के लिए नहीं जीते थे, बल्कि दर्शकों के दिलों में घर बनाकर रहते थे। उनकी हाज़िरी किसी फिल्म को असल मायने में "फैमिली फिल्म" की तरह सुरक्षित और विश्वसनीय बना देती थी। उनके अभिनय में वह खनक थी, जो देहातीपन और शहरियत दोनों को एक साथ साध लेती थी—एक ऐसी दुर्लभ पटकथा जिसे शायद ही कोई और कलाकार दोहरा पाया हो।

1960 के दशक की शुरुआत में पर्दे पर कदम

धर्मेंद्र ने 1960 के दशक की शुरुआत में पर्दे पर कदम रखा। तब हिंदी सिनेमा रोमांस और सामाजिक कहानियों के दौर से गुजर रहा था। उनकी आंखों में एक अजीब-सी मासूमियत थी, जो कठोर चेहरे की रेखाओं से बिल्कुल विपरीत दिखती थी। यही विरोधाभास उन्हें अलग बनाता था। वह नाज़ुक भावनाओं को भी इतनी सहजता से निभाते थे कि लोग उन्हें ‘ही-मैन’ कहने के बावजूद उनके अंदर छिपे कोमल इंसान को देखे बिना नहीं रह पाते।


उनकी प्रारंभिक फिल्मों 'बंदिनी', 'अनपढ़', 'काजल' ने दर्शकों को यह अहसास कराया कि यह कलाकार लंबे समय तक टिकने वाला है। पर असल पहचान मिली 1970 के दशक में, जब उन्होंने एक के बाद एक यादगार भूमिकाएं निभाकर अपनी लोकप्रियता को आकाश पर पहुँचा दिया।

इतिहास में अमर किरदार

'शोले' में वीरू का किरदार तो भारतीय सिनेमा के इतिहास में अमर हो चुका है। वह सिर्फ एक किरदार नहीं—जनता की बोली, हास-परिहास और दोस्ती की परिभाषा बन गया। आज भी जब हम "ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे" सुनते हैं, तो कहीं न कहीं धर्मेंद्र की मुस्कान और उनकी सहज अदाकारी यादों के गलियारे में दस्तक देती है।

सत्यकाम श्रेष्ठतम अभिनय

लेकिन धर्मेंद्र का योगदान सिर्फ एक्शन और कॉमेडी तक सीमित नहीं था। 'सत्यकाम' जैसी फिल्में उनकी कलात्मक क्षमता का प्रमाण हैं। सत्य, आदर्श और संघर्ष से जूझते पात्र को धर्मेंद्र ने जिस आत्मविश्वास से निभाया, वह आज भी भारतीय सिनेमा के श्रेष्ठतम अभिनय क्षणों में गिना जाता है। उनके चेहरे की गंभीरता, आंखों की चमक और संवादों की सादगी—सबने मिलकर एक ऐसी फिल्म को जन्म दिया, जिसे आवाज़ों और भीड़ के शोर वाले दौर में भी लोग आदर से याद करते हैं।


धर्मेंद्र के निधन पर दुख इसलिए भी अधिक है क्योंकि वह पर्दे के बाहर भी उतने ही सरल थे। उन्होंने कभी खुद को सितारों की ऊँचाई तक नहीं ले जाने दिया। गांव, खेत-खलिहान, मिट्टी, पेड़-पौधे, परिवार—ये सब उनके जीवन के अपरिहार्य हिस्से थे। अपनी जड़ों से प्रेम और मानवीय रिश्तों के प्रति आदर भाव ने उन्हें आम भारतीयों के दिल के बेहद करीब रखा।

संघर्ष, प्रेम और समर्पण की कहानी

यदि बॉलीवुड एक विशाल बाग है, तो धर्मेंद्र उसमें खिला हुआ वह पेड़ थे जिसकी छाया सबको समान रूप से मिलती थी न किसी बनावट की ज़रूरत, न किसी अभिनय की नुमाइश। वह जीवन को उतनी ही सहजता से जीते थे, जितनी सहजता से परदे पर भावनाओं को उतारते थे।

उनका पारिवारिक जीवन भी संघर्ष, प्रेम और समर्पण की कहानी है। उनके दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल को फिल्मों में स्थापित करने में धर्मेंद्र ने पिता के रूप में जो समर्पण दिखाया, वह सिनेमा के इतिहास की खूबसूरत मिसालों में से एक है। परिवार, परंपरा और रिश्तों की शक्ति पर उनका अटूट विश्वास उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी पहचान थी।


कृत्रिम रोशनी से दूर

धर्मेंद्र के जाने से भारतीय सिनेमा एक ऐसे अभिनेता को खो बैठा है, जिसने अपनी अभिनय क्षमता से कहीं अधिक, अपने व्यक्तित्व से लोगों को प्रभावित किया। आज की पीढ़ी शायद यह समझ भी न पाए कि एक समय ऐसा भी था जब केवल "धर्मेंद्र" नाम भर से फिल्म हिट मानी जाती थी। यह वह दौर था जब अभिनेता अपने आभामंडल से नहीं, अपने चरित्रों से चमकते थे। धर्मेंद्र की चमक इसी वजह से शाश्वत है—क्योंकि वह कृत्रिम रोशनी से नहीं, इंसानी संवेदनाओं से उजाले की ओर बढ़ते थे।

धर्मेंद्र : परदे से परे एक जीवनकथा

पंजाब की मिट्टी में जन्मा एक सादा-सा लड़का जब सपनों का सामान लेकर मुंबई आया, तो उसके पास न शोहरत थी, न परिचय बस एक “प्रतिज्ञा” थी कि उसे कुछ बनना है, अपने माँ-बाप का नाम रोशन करना है।

उसके भीतर एक “सत्यकाम” पलता था । जो ईमानदारी, मेहनत और मानवीयता को सबसे बड़ा धर्म मानता था। शुरुआत में ज़िंदगी ने उसे परखा, ठोकरें दीं, पर उसने कभी हार नहीं मानी। वह मानो कहता रहा “मेरा नाम जोकर नहीं, मैं ‘राजा जानी’ हूँ, अपनी तकदीर खुद लिखूंगा।”

रिश्तों की सचाई और छलावे देखे

मुंबई की चकाचौंध के बीच जब उसने रिश्तों की सच्चाई और छलावे देखे, तो उसने महसूस किया कि जीवन में हर चेहरा “शराफत” का नहीं होता। उसने सीखा कि यहां हर मुस्कान के पीछे एक “ताला-चाबी” छिपी है, जिसे खोलने के लिए साहस चाहिए। धीरे-धीरे उसने अपने भीतर का योद्धा जगाया। समाज की विसंगतियों से लड़ते हुए वह “धर्मवीर” बन गया। वह व्यक्ति जो अपने नाम में ही धर्म और वीरता दोनों समेटे है।


कभी वह जीवन की बेड़ियों से “आज़ाद” हुआ, तो कभी अपनी “कर्तव्य” भावना से बंधा रहा। लेकिन इस यात्रा में उसके भीतर का प्रेम भी ज़िंदा रहा वह प्रेम जो “मेरे हमदम मेरे दोस्त” जैसी आत्मीयता से भरा था, और जो “सीता और गीता” की तरह जीवन के द्वंद्वों में भी मुस्कुराता रहा।

कभी उसका हृदय “अनुपमा” की तरह निस्वार्थ और मौन प्रेम से भर जाता, तो कभी “बंदिनी” की तरह वह अपने ही जज़्बातों की कैद में छटपटाता रहा — जहाँ प्रेम और कर्तव्य के बीच की दीवारें दिल को तोड़ती भी थीं, और गढ़ती भी।

पर उसके स्वभाव में एक हल्का-फुल्का अपनापन भी था वही जो “नौकर बीवी का” की तरह "चुपके - चुपके" आम ज़िंदगी की उलझनों में भी हँसी ढूंढ लेता है। धर्मेंद्र के चेहरे पर वो सहज मुस्कान थी जो बता देती थी कि जीवन चाहे जितना गंभीर क्यों न हो, उसे मुस्कुराकर जिया जा सकता है।

और उसने बगावत की

कभी परिस्थितियाँ इतनी कठिन हुईं कि चारों ओर “चरस” की तरह विषैली हवाएँ फैलीं, तो उसने बगावत की, अपने दिल में “गुलामी” के ख़िलाफ़ ज्वाला जलाई। उस समय उसका मन मानो चिल्ला उठा “अब और नहीं!” उसकी ज़ुबान से निकले संवाद और तेवर जनता की आवाज़ बन गए।

जब हालात ने उसे झुकाने की कोशिश की, उसने कहा “मैं ‘राजपूत’ हूँ, झुकूंगा नहीं।” कभी ठोकरें लगीं, तो भी उसने अपना “राजतिलक” खुद किया क्योंकि असली राजसीपन बाहरी मुकुट में नहीं, भीतर की दृढ़ता में होता है।

उसकी ज़िंदगी में ऐसे भी पल आए जब लोग उसे गलत समझ बैठे, पर उसने कहा “मेरे दिल में ‘शोले’ हैं, पर ये जो "दिल्लगी" है, ‘आग’ जलाने के लिए नहीं, रोशनी देने के लिए है।”कभी अकेलेपन ने घेरा, तो उसने मुस्कुराकर कहा ज़िंदगी भी ‘गजब’ है!”

जिंदगी कोई फिल्म नहीं

समय बीतता गया, चेहरा उम्र की झुर्रियों में ढल गया, पर आंखों की चमक वही रही वही “आँखें” जो आज भी लाखों दिलों में अपने समय की रोशनी बिखेरती हैं।

और जब पीछे मुड़कर देखा, तो लगा ज़िंदगी कोई फ़िल्म नहीं, बल्कि फ़िल्मों की तरह ही एक लंबा सफ़र है । कभी कभी "प्रतिज्ञा" , कभी "बगावत", कभी 'कर्तव्य'।

उनका निधन एक खालीपन छोड़ गया है। यह खालीपन केवल फिल्मों का नहीं, बल्कि उस भारतीय भावलोक का है, जिसे धर्मेंद्र ने अपनी अदाओं, अपनी हंसी, अपने आंसुओं और अपनी आवाज़ से सजीव किया था।

सिनेमा के पर्दे पर चाहे जितने सितारें उगें, धर्मेंद्र की जगह कोई नहीं ले सकेगा क्योंकि वह सिर्फ एक कलाकार नहीं, एक भाव, एक स्मृति और एक युग का नाम थे।

1 / 5
Your Score0/ 5
Shreedhar Agnihotri
ABOUT THE AUTHOR

Shreedhar Agnihotri

Next Story