TRENDING TAGS :
तेजस्वी ने फिर बनाई बढ़त, बाहुबली अनंत सिंह का क्या हाल? VVIP नेताओं के सीटों पर जबरदस्त घमासान
Bihar election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में तेजस्वी यादव और अनंत सिंह VIP सीटों पर बढ़त में, हर राउंड के साथ बदलते नतीजों का लाइव अपडेट पढ़ें और जानें किसकी बढ़त मजबूत है।
Bihar election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों की घड़ी आ चुकी है। 243 सीटों पर हुए मतदान की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है, जिसने सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्षी महागठबंधन (MGB) के बीच चुनावी फाइट का अंतिम फैसला देना शुरू कर दिया है। क्या इस बार भी सत्ता की चाबी नीतीश कुमार के पास रहेगी, या तेजस्वी यादव की किस्मत का ताला ईवीएम से खुलेगा, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। चुनावी नतीजों के साथ ही, सबकी नजरें उन वीआईपी सीटों पर भी हैं, जहां बाहुबली, नेता पुत्र-पुत्री और सेलिब्रिटी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
लालू परिवार के गढ़ में कड़ा मुकाबला
लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़े उम्मीदवारों के लिए आज का दिन प्रतिष्ठा का सवाल है।
राघोपुर: तेजस्वी की 'अग्निपरीक्षा'
लालू यादव परिवार का गढ़ मानी जाने वाली राघोपुर विधानसभा सीट पर तेजस्वी यादव विधायक हैं और इस बार भी वह यहीं से मैदान में हैं। शुरुआती रुझानों में आगे चलने के बाद, एक समय वह पिछड़ गए थे, लेकिन आठवें राउंड तक आते-आते तेजस्वी ने फिर से बढ़त बना ली है।
महुआ: तेजप्रताप पीछे, आगे-पीछे का खेल
वैशाली की महुआ विधानसभा सीट पर लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। तेजप्रताप यहां कभी आगे, कभी पीछे होते रहे। फिलहाल, RJD उम्मीदवार मुकेश रौशन के सामने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार संजय सिंह ने लीड ले ली है।
रघुनाथपुर: ओसामा का टेस्ट
सीवान जिले की रघुनाथपुर विधानसभा सीट से बाहुबली शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब आरजेडी के उम्मीदवार हैं। शुरुआती रुझानों में ओसामा ने बढ़त बना ली है, जो शहाबुद्दीन की विरासत के लिए सकारात्मक संकेत है।
प्रमुख VIP सीटों का हाल
राज्य के प्रमुख राजनीतिक चेहरे और मौजूदा मंत्रियों के लिए उनकी सीटें हॉटस्पॉट बनी हुई हैं।
तारापुर और लखीसराय: डिप्टी CMs का इम्तिहान
तारापुर: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में शुरुआती रुझानों में लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।
लखीसराय: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा यहां कांग्रेस के अमरेश कुमार से शुरुआती तौर पर पीछे चल रहे थे, लेकिन अब उन्होंने फिर से बढ़त बना ली है।
मोकामा: बाहुबली अनंत सिंह का दबदबा
मोकामा विधानसभा सीट हमेशा से ही चर्चा में रही है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल जाने के बावजूद, आरजेडी उम्मीदवार अनंत सिंह शुरुआती रुझानों में लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। उनका मुकाबला बाहुबली सूरजभान की पत्नी वीणा देवी से है।
सीवान और मनेर का सियासी दांव
सीवान: बीजेपी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरे और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय शुरुआती रुझानों में आगे थे, लेकिन फिलहाल वह पीछे हो गए हैं।
मनेर: आरजेडी के उम्मीदवार भाई वीरेंद्र की प्रतिष्ठा इस सीट पर दांव पर लगी हुई है।
सेलिब्रिटी और नए चेहरों का क्या हाल?
इस चुनाव में कई ऐसे नए और सेलिब्रिटी चेहरे मैदान में थे, जिनकी लोकप्रियता अब वोट में बदलनी है।
पुष्पम प्रिया और गणितज्ञ केसी सिन्हा
दरभंगा (पुष्पम प्रिया): द प्लूरल्स पार्टी की प्रमुख पुष्पम प्रिया चौधरी दरभंगा में बीजेपी के संजय सरावगी से बहुत पीछे चल रही हैं। उन्हें सात राउंड की गिनती में केवल 399 वोट मिले हैं।
कुम्हरार (केसी सिन्हा): पटना की इस बीजेपी गढ़ सीट पर जन सुराज के गणितज्ञ केसी सिन्हा शुरुआती रुझानों में आगे चल रहे हैं, जो चौंकाने वाला परिणाम है।
भोजपुरी स्टार्स और सिंगर्स
छपरा (खेसारी): भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारीलाल यादव आरजेडी उम्मीदवार के रूप में बीजेपी की छोटी कुमारी से आगे चल रहे हैं।
करगहर (रितेश पांडेय): भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रितेश पांडेय (जन सुराज) का इम्तिहान है। यह सीट जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की गृह सीट भी है।
अलीनगर (मैथिली ठाकुर): लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर अपनी लोकप्रियता को वोट में तब्दील कर पाएंगी या नहीं, यह जल्द साफ होगा।
अन्य महत्वपूर्ण चेहरे
जमुई: शूटर श्रेयसी सिंह बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर दूसरी जीत की तलाश में हैं।
जमालपुर: बिहार के चर्चित आईपीएस रहे शिवदीप लांडे चुनावी डेब्यू कर रहे हैं।
चनपटिया: जन सुराज के उम्मीदवार मनीष कश्यप तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।
दीघा: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन चुनावी मैदान में हैं।
नतीजों का पल-पल का अपडेट आ रहा है, और बिहार का सियासी खेल हर राउंड के साथ करवट बदल रहा है। यह चुनाव परिणाम तय करेगा कि बिहार की बागडोर कौन संभालेगा और किसे विपक्ष में बैठना होगा।


