TRENDING TAGS :
By-Election 2025: 7 राज्यों की 8 सीटों पर उपचुनाव, बिहार के साथ आएंगे नतीजे; जानें पूरी डिटेल
By-Election 2025: देश के 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव बिहार में वोटिंग के दूसरे चरण वाले ही दिन 11 नवंबर को होंगे और बिहार चुनाव रिजल्ट वाले दिन यानी 14 नवंबर को नतीजे भी घोषित होंगे।
By-Election 2025: लोकतंत्र के रंग में रंगे बिहार के साथ अब पूरा देश भी चुनावी माहौल में डूबने वाला है। चुनाव आयोग के मुताबिक, देश के 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 11 नवंबर को कराए जाएंगे। इन उपचुनावों के नतीजे बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ 14 नवंबर को ही घोषित किए जाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार के पहले चरण के मतदान के बीच इन उपचुनावों की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। आयोग ने साफ किया कि सभी राज्यों में चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
7 राज्यों की 8 सीटों पर मुकाबला, 11 नवंबर को वोटिंग
चुनाव आयोग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, मिजोरम और तेलंगाना की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। इन सभी सीटों के नतीजे बिहार के साथ ही एक दिन में जारी किए जाएंगे। आयोग ने बताया कि इन उपचुनावों को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता की पूरी तैयारी की जा चुकी है।
इन चुनावों में मतदाता फिर से अपने प्रतिनिधि चुनेंगे, जिनकी सीटें इस्तीफे या निधन की वजह से खाली हुई थीं। आयोग ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निर्बाध जारी रखना हमारा कर्तव्य है, इसलिए सभी राज्यों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किए जाएंगे।
कौन-कौन सी सीटें हैं शामिल?
1. सबसे ज्यादा चर्चा जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा सीटों की है। बडगाम सीट उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जबकि नगरोटा सीट देवेंद्र सिंह राणा के निधन से रिक्त पड़ी है।
2. राजस्थान की अंता सीट भी सुर्खियों में है, जो कंवरलाल के अयोग्य ठहराए जाने के बाद खाली हुई।
3. झारखंड की घाटशिला सीट पर भी उपचुनाव होना है, जहां विधायक रामदास सोरेने के निधन से यह सीट खाली हुई।
4. पंजाब की तरनतारन सीट कश्मीर सिंह सोहल के निधन के कारण रिक्त है।
5. तेलंगाना की जुबली हिल्स, मिजोरम की डंपा, और ओडिशा की नुआपाड़ा सीट पर भी मौजूदा विधायकों के निधन के बाद उपचुनाव कराए जाएंगे।
11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को नतीजे
चुनाव आयोग ने बताया कि सभी राज्यों में 11 नवंबर को एक साथ वोटिंग होगी और 14 नवंबर को मतगणना पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। अब बिहार के साथ-साथ इन सात राज्यों में भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। हर पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है।


