TRENDING TAGS :
Auraiya News: लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी
Auraiya News: शनिवार को अचानक युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात में उसकी मृत्यु हो गई। प्रेमी ने युवती के शव को चुपचाप यमुना तट ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
Auraiya News
Auraiya News: ज़िले के अयाना थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले युवती अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने चली गई थी। परिजनों ने इस संबंध में आपत्ति जताते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी और युवती को बरामद कर मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया था।
चाचा डायल 112 को दी सूचना
शनिवार को अचानक युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात में उसकी मृत्यु हो गई। प्रेमी ने युवती के शव को चुपचाप यमुना तट ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इस दौरान युवती के चाचा ने 112 डायल कर अयाना थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल चिता को बुझाया और नायब तहसीलदार प्रतिभा पाल की उपस्थिति में पंचनामा भरकर आधे जले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर पहुंचे क्षेत्र अधिकारी
घटना की सूचना मिलने पर सीओ महेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और विस्तृत जानकारी ली। अयाना थाना पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह 10 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि शव को गुपचुप तरीके से जलाया जा रहा है। मृतका के परिजनों ने युवती की मौत को संदिग्ध मानते हुए प्रेमी युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवती की मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


