TRENDING TAGS :
बांटने वाली शक्तियों से रहें सावधान..., मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर CM योगी ने दिया बड़ा संदेश
CM Yogi Adityanath Mathura Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मथुरा पहुंच भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजन किये।
CM Yogi Adityanath Mathura Visit
CM Yogi Adityanath Mathura Visit: देश में आज श्रीकृष्णजन्माष्टमी पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा और वृंदावन में आस्था का संगम उमड़ रहा है। इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मथुरा पहुंच गये हैं। मथुरा पहुंचने के बाद सीएम योगी ने सर्वप्रथम भगवान श्रीकृष्ण के विधिवत दर्शन और पूजन किये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जन्माष्टमी का शुभ पावन अवसर है। इस अवसर पर देश और दुनिया में जहां कहीं भी सनातन धर्मावलंबी रह रहे है और कान्हा के प्रति श्रद्धा भाव रखते हैं। उन सभी को आज की पावन तिथि की शुभ बधाई। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह तय किया कि मथुरा, वृंदावन, बरसाना, बलदेव, गोकुल, गोवर्धन और राधा कुंड को तीर्थ के रुप में पौराणिक मान्यता को फिर से बहाल किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि काशी और अयोध्या दुनिया को आकर्षित कर रहा है। इसी तरह अब मथुरा को भी पांच हजार साल पुराने पौराणिक स्थल के विकास के लिए कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर बड़ा संदेश देते हुए कहा कि बांटने वाली शक्तियों से हम सभी को सावधान रहना होगा। सनातन का ध्वज हमेशा दुनिया का मार्गदर्शन करता रहेगा।
मथुरा पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि भगवान श्रीकृष्ण के 5,252वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मथुरा-वृन्दावन की पावन धरा पर मथुरा वासियों के जीवन को सरल, सुखद और समृद्ध बनाने के मकसद से सर्वांगीण विकास को समर्पित ₹645 करोड़ की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास होगा। इस अवसर पर सभी साधु-संतों के सम्मान का भी सौभाग्य प्राप्त होगा। आधुनिकता और अध्यात्म के संगम की साक्षी बनेगी यह पुण्यधरा। वृंदावन बिहारी लाल की जय! उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ- नौ वर्षों से उन्हें जन्माष्टमी और बरसाना के रंगोत्सव में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, गोवर्धन और राधा कुंड जैसे स्थानों को तीर्थ के रूप में पुन: स्थापित करने का संकल्प लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में चल रही डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई कि वे आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए आधुनिक विकास पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी आध्यात्मिक विरासत और अत्याधुनिक विकास के लिए देश और दुनिया में एक नया प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
गौ संरक्षण और सामाजिक एकता पर जोर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौ संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गौ माता सनातन धर्म के प्रतीकों में से एक है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है, और जो किसान गौ पालन करते हैं, उन्हें ₹1500 प्रति माह दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 16 लाख से अधिक गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से जाति, क्षेत्र या भाषा के नाम पर देश को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों से सावधान रहने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों का सम्मान करना और सामाजिक एकता के लिए कार्य करना हमारा संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक सनातन धर्म का ध्वज दुनिया का मार्गदर्शन करता रहेगा, तब तक विश्व बंधुत्व, शांति और सौहार्द का भाव बना रहेगा।
पंच प्रण का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 'पंच प्रण' का उल्लेख किया, जिसमें गुलामी के अंशों को पूरी तरह से समाप्त करना, स्वदेशी को जीवन का मंत्र बनाना, विरासत का संरक्षण करना, देश के जवानों का सम्मान करना और सामाजिक एकता के लिए कार्य करना शामिल है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं ने देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित किया है। उन्होंने कहा कि विंध्यवासिनी धाम में बन रहा कॉरिडोर भी श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद की भूमिका
मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए कार्यरत ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सराहना की और कहा कि यह परिषद माननीय जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में इस क्षेत्र को विकास के नित नए प्रतिमानों की ओर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि यह हमारा कर्तव्य है कि हम 5000 वर्ष से अधिक की इस पौराणिक विरासत को आधुनिक विकास की प्रक्रिया से जोड़ें। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें उन दुष्प्रवृत्तियों से सावधान रहना होगा जो देश को कमजोर करने की कोशिश करती हैं।
सनातन के प्रतीकों का सम्मान
अपने संबोधन के अंत में, मुख्यमंत्री ने गंगा, यमुना, गौ माता, गायत्री और तीर्थों जैसे सनातन धर्म के प्रतीकों का सम्मान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये सभी हमारी पहचान हैं और इनका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने एक बार फिर सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी और उनके साथ 'श्री केशव देव महाराज की जय', 'श्री कृष्ण कन्हैया की जय', 'श्री राधे रानी की जय', 'श्री यमुना मैया की जय' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।
आठ सालों में 38वीं बार मथुरा पहुंचे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने आठ सालों के कार्यकाल के दौरान 38वीं बार आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा जनपद पहुंचे हैं। उनके 38वीं बार मथुरा आगमन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यूपी सरकार मथुरा के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। काशी और अयोध्या की तरह ही मथुरा का विकास भी योगी सरकार के लिए अहम है।


