Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025: तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त की बैठक, व्यापक आयोजन की योजना

Mathura News: बैठक में बताया गया कि 15 से 17 अगस्त तक ब्रज क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Amit Sharma
Published on: 4 Aug 2025 10:00 PM IST
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025: तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त की बैठक, व्यापक आयोजन की योजना
X

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025: तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त की बैठक    (PHOTO: Social media )

Mathura News: ब्रजभूमि मथुरा में इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025 को भव्यता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाने की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज एक उच्चस्तरीय बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्पन्न हुई। बैठक में डीआईजी आगरा जोन शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी मथुरा सी.पी. सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, एमवीडीए उपाध्यक्ष एस.बी. सिंह, नगर आयुक्त जगप्रकाश समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि 15 से 17 अगस्त तक ब्रज क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 5 बड़े मंच और 21 छोटे मंचों पर राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। विद्युत सज्जा, प्रवेश द्वारों की भव्य सजावट, शोभायात्रा और दीपमालिका आयोजन की रूपरेखा भी तैयार की जा चुकी है।

मुख्य निर्देश और व्यवस्थाएँ:

मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना में अवस्थापना निधि और ब्रज तीर्थ विकास परिषद की परियोजनाओं को 15 अगस्त से पहले पूरा करने के निर्देश।

नगर निगम द्वारा 45 पार्किंग स्थल, 1025 सफाईकर्मी तीन शिफ्टों में, 80 मोबाइल टॉयलेट, पेयजल, फसाड लाइटिंग एवं स्वयंसेवकों की सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

बिजली विभाग को ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेडिंग, नियमित आपूर्ति और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पीडब्ल्यूडी को गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत और स्वास्थ्य विभाग को सात अस्थाई स्वास्थ्य शिविर, प्रमुख मंदिरों में चिकित्सा दल, एंबुलेंस, स्ट्रेचर की व्यवस्था का आदेश।

एसएसपी द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल की मांग के साथ सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की जानकारी दी गई। कृष्ण जन्मभूमि, बांके बिहारी मंदिर समेत प्रमुख स्थलों पर वीआईपी, जनसाधारण के लिए अलग प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया तैयार किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ-साथ घरों एवं मंदिरों को दीपावली जैसी रोशनी से सजाने की अपील की। साथ ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की लाइव कवरेज हेतु तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

अंत में आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक, सुरक्षा, चिकित्सा, पार्किंग और पेयजल की समुचित व्यवस्थाएँ प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि त्योहार श्रद्धा, सुरक्षा और व्यवस्था के साथ सम्पन्न हो।

1 / 7
Your Score0/ 7
Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story