TRENDING TAGS :
Jaunpur News: चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, पीली धातु का लाकेट बरामद
Jaunpur News: जौनपुर में रोडवेज के पास हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। तीन आरोपी गिरफ्तार, पीली धातु का लाकेट बरामद, मुकदमा दर्ज।
चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, पीली धातु का लाकेट बरामद (Photo- Newstrack)
Jaunpur News: जौनपुर। थाना मुगराबादशाहपुर पुलिस ने रोडवेज के पास हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पीली धातु का लाकेट भी बरामद किया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप तिवारी ने किया, जिसमें अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।
चोरी की घटना की पूरी जानकारी
प्राप्त सूचना के अनुसार, 13 जुलाई 2025 को वादिनी सुधा देवी पत्नी उमाशंकर शुक्ल, निवासी ग्राम नौडेरा (चूरामणि का पूरा), थाना फतनपुर, जिला प्रतापगढ़ ने मुगराबादशाहपुर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रोडवेज के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके लाल रंग के बैग की चोरी कर ली, जिसमें एक सोने का लाकेट रखा हुआ था।
एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को गंभीरता से लिया और मुकदमा अपराध संख्या 177/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
14 जुलाई की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोविन्दासपुर पुलिया के पास कुछ संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। इस पर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया। समय करीब 07:10 बजे हुई तलाशी के दौरान उनके पास से एक पीली धातु का लाकेट बरामद हुआ, जिसका वजन लगभग 2 ग्राम बताया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार की है:
अजय पटेल पुत्र लाल बहादुर पटेल, निवासी ग्राम नहर मऊ, थाना सुजानगंज
दीपक पटेल पुत्र राम प्रसाद पटेल, निवासी ग्राम कैलीडीह, थाना फतनपुर, जिला प्रतापगढ़
संजू सोनी पुत्र श्याम लाल सोनी, निवासी मोहल्ला कटरा, थाना मुगराबादशाहपुर
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 303(2), 317(2), और 317(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप तिवारी के साथ कांस्टेबल सतेन्द्र कुमार शाह एवं कांस्टेबल अरुण खरवार भी शामिल रहे।


