TRENDING TAGS :
Kanpur News: दीपावली से पहले कानपुर देहात में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 31 क्विंटल मिठाई नष्ट
Kanpur News: कानपुर देहात में दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर कार्रवाई, 31 क्विंटल बर्फी, दूध और खोया नष्ट।
Kanpur News
Kanpur News: दीपावली पर्व पर मिलावटी मिठाइयों की खपत रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने रसूलाबाद और बारा जोड़ के पास अभियान चलाकर 31 क्विंटल मिलावटी बर्फी, दूध, खोया, 250 किलो पेड़ा और 358 किलो मिलावटी स्वीट केक नष्ट कराए। नष्ट किए गए खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 5.98 लाख रुपये बताई जा रही है।
अभियान के दौरान विभाग की टीम ने रसूलाबाद के तुलसी नगर में राम आसरे यादव की खोया भट्टी पर छापा मारा। यहां से क्रीम, दूध, खोया और रिफाइंड तेल के नमूने लिए गए। मिलावट की पुष्टि होने पर करीब 2.5 क्विंटल दूध और 1 क्विंटल खोया मौके पर नष्ट किया गया। इसी तरह श्याममुखी की भट्टी पर छापा मारकर टीम ने दूध, खोया और रिफाइंड तेल के नमूने लिए तथा 2.5 क्विंटल दूध और 3 क्विंटल खोया नष्ट किया।
इसके बाद बारा जोड़ के पास उरई की दादी मिल्क एंड स्वीट प्रोडक्ट कंपनी के वाहन को रोककर बर्फी का नमूना लिया गया। जांच में मिलावट मिलने पर करीब 22 क्विंटल बर्फी, जिसकी कीमत लगभग 3.41 लाख रुपये थी, नष्ट कराई गई। इसी स्थान पर कारोबारी विनोद रावत के वाहन से पेड़ा और स्वीट केक के नमूने लिए गए। 250 किलो पेड़ा और 358 किलो स्वीट केक को भी मौके पर नष्ट किया गया।सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राम अवतार सिंह ने बताया कि दीपावली पर मिलावटखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लिए गए सभी नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


